मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिल्मों और फिटनेस के साथ-साथ अपनी दिलचस्प आदतों को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन इस बार उनकी निजी जिंदगी का एक ऐसा किस्सा सामने आया है, जिसने दर्शकों को खूब हंसाया। मौका था करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण 9' का, जहां अक्षय कुमार ने अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना को फोन लगा दिया। इसके बाद फोन पर ट्विंकल ने पति की ऐसी शिकायतें शुरू कीं कि सेट पर मौजूद लोग हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
सुबह 6 बजे भजन और फिर खुद गाना शुरू कर देते हैं अक्षय
शो में अक्षय कुमार भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के साथ नजर आए। बातचीत के दौरान उन्होंने पत्नी ट्विंकल खन्ना को फोन मिलाया और कॉल को स्पीकर पर कर दिया। फोन उठाते ही ट्विंकल ने अक्षय से बातचीत शुरू की, लेकिन जल्द ही उनके सामने पति की सुबह की आदतों का पूरा हिसाब खोल दिया।
ट्विंकल ने मजाकिया अंदाज में बताया कि अक्षय सुबह करीब 6 बजे तेज आवाज में भजन बजाकर उनकी नींद खराब कर देते हैं। परेशानी सिर्फ इतनी ही नहीं है, बल्कि भजन बजाने के साथ अक्षय खुद भी जोर-जोर से गाने लगते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि सुबह छह बजे भजन कौन बजाता है और क्या अक्षय खुद को अनूप जलोटा समझते हैं?
ट्विंकल ने यह भी कहा कि वह अक्षय को कई बार बाथरूम का दरवाजा ठीक से बंद रखने के लिए कह चुकी हैं, लेकिन उनकी यह आदत भी सुधरने का नाम नहीं ले रही। पत्नी की ये बातें सुनकर अक्षय के साथ करण जौहर और शो में मौजूद अन्य लोग भी ठहाके लगाने लगे।
फ्री में शो करने की बात सुनकर ट्विंकल ने जताई हैरानी
फोन पर बातचीत के दौरान ट्विंकल ने अक्षय से पूछा कि वह कहां हैं। अक्षय ने बताया कि वह करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' की शूटिंग कर रहे हैं। इस पर ट्विंकल ने खुलासा किया कि हाल ही में करण जौहर से उनकी बातचीत हुई थी। करण ने उन्हें भी शो में रैपिड फायर राउंड को जज करने के लिए आमंत्रित किया था।
हालांकि, बातचीत का सबसे मजेदार पल तब आया, जब ट्विंकल को पता चला कि अक्षय इस शो में बिना कोई फीस लिए पहुंचे हैं। इस पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें अक्षय के शो में आने की जानकारी नहीं थी, लेकिन इससे भी ज्यादा आश्चर्य उन्हें इस बात का है कि वह बिना पैसे लिए शो कर रहे हैं।
ट्विंकल की इस टिप्पणी पर करण जौहर भी तुरंत मजाक में शामिल हो गए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि क्या ट्विंकल हर चीज के लिए पैसे चाहती हैं? करण के इस जवाब ने माहौल को और भी मजेदार बना दिया।
रवि किशन ने अक्षय को सिखाया वायरल हुक स्टेप
इस एपिसोड में अक्षय और ट्विंकल की फोन पर हुई नोकझोंक के अलावा रवि किशन के साथ भी खूब मस्ती देखने को मिली। रवि किशन ने अक्षय कुमार को अपना चर्चित हुक स्टेप सिखाया। इस स्टेप में उनका खास अंदाज और स्वैग वाली चाल शामिल है। अक्षय ने भी रवि किशन के साथ इस स्टेप को करके माहौल में मनोरंजन का रंग भर दिया।
शो का यह पूरा वाकया अक्षय और ट्विंकल के बीच की मजेदार नोकझोंक को सामने लाता है। सुबह-सुबह भजन बजाने की आदत हो या बिना फीस शो में पहुंचने की बात, ट्विंकल ने अपने बेबाक अंदाज में पति की ऐसी खिंचाई की कि करण जौहर भी हंसी नहीं रोक पाए।
