गर्मियों में अंडा खाने को लेकर कई तरह की धारणाएं प्रचलित हैं। कुछ लोग मानते हैं कि अंडा शरीर में गर्मी बढ़ाता है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार इसका कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। सही मात्रा में अंडा हर मौसम में फायदेमंद होता है और शरीर को जरूरी प्रोटीन देता है।
फरीदाबाद में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ऐसे में लोग अपने खानपान को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं। खासकर अंडे को लेकर अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या गर्मियों में इसे खाना सही है या नहीं। इसी विषय पर डॉक्टरों की राय जानना जरूरी हो जाता है।
अंडा है पूरा पोषण देने वाला फूड
सर्वोदय हॉस्पिटल की सीनियर डाइटिशियन और न्यूट्रिशन कंसल्टेंट डॉ. रितिका शर्मा के अनुसार, अंडे का मौसम से कोई सीधा संबंध नहीं है। शरीर को हर मौसम में संतुलित आहार की जरूरत होती है। अंडा एक कंप्लीट प्रोटीन है, जिसमें शरीर के लिए आवश्यक सभी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसलिए इसे केवल मौसम के आधार पर डाइट से हटाना सही नहीं है।
हर व्यक्ति पर असर अलग-अलग
डॉक्टरों का कहना है कि कुछ लोगों को अंडा खाने से पेट में भारीपन, अपच या एलर्जी की समस्या हो सकती है। यह पूरी तरह शरीर की संवेदनशीलता पर निर्भर करता है। यदि किसी को परेशानी होती है, तो उसे मात्रा कम करनी चाहिए या डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। हालांकि, अधिकांश लोगों के लिए अंडा सुरक्षित और लाभदायक है।
गर्मियों में सीमित मात्रा है बेहतर
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में अंडा सीमित मात्रा में खाना अधिक उचित रहता है। आम धारणा है कि अंडा ‘गर्म’ होता है, लेकिन इसका वैज्ञानिक आधार नहीं है। सर्दियों में ऊर्जा की अधिक जरूरत के कारण लोग ज्यादा अंडे खाते हैं, जबकि गर्मियों में हल्का भोजन पसंद किया जाता है, जिससे अंडों की मात्रा अपने आप कम हो जाती है।
रोजाना सेवन से मिलते हैं फायदे
डॉ. रितिका शर्मा के अनुसार, रोज सुबह अंडा खाना बच्चों और बड़ों दोनों के लिए फायदेमंद है। एक स्वस्थ व्यक्ति दिन में 1–2 अंडे खा सकता है, जबकि छोटे बच्चों के लिए एक अंडा पर्याप्त होता है। अंडे की गुणवत्ता, ताजगी और पकाने का तरीका भी बेहद महत्वपूर्ण है। उबला या हल्का पका अंडा सबसे सुरक्षित और बेहतर विकल्प माना जाता है।
इसलिए चाहे गर्मी हो या सर्दी, संतुलित मात्रा में अंडा आपकी सेहत के लिए फायदेमंद ही रहता है।
