नवीदुल हसन
कुकटपल्ली में इमारत में भीषण आग, कोई हताहत नहीं
हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके के प्रशांत नगर में मंगलवार शाम एक इमारत में भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार, आग शाम करीब 9:30 बजे लगी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के फायर स्टेशन से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। आग के दौरान एलपीजी सिलेंडरों के फटने की भी खबरें सामने आई हैं, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। एहतियातन कई परिवारों को घर खाली करने के लिए कहा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग उस समय लगी जब कथित तौर पर अवैध रूप से बड़े एलपीजी सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच अभी जारी है।
दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
