दय्यान खान
विसरा रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Mumbai के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआत में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा था, लेकिन अब आई विसरा रिपोर्ट ने इस केस को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट के अनुसार परिवार द्वारा खाए गए तरबूज में जिंक फॉस्फाइड नाम का जहरीला केमिकल मिला है। यह वही पदार्थ है जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहे मारने की दवा में किया जाता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खतरनाक केमिकल तरबूज में कैसे पहुंचा।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक घटना 26 अप्रैल को सामने आई थी। 40 वर्षीय अब्दुल्ला डोकाडिया ने डॉक्टरों को बताया था कि उन्होंने अपनी पत्नी नसरीन और दोनों बेटियों आयशा (16) और जैनब (13) के साथ पहले बिरयानी खाई थी और बाद में तरबूज खाया था। रात करीब 1 बजे के बाद परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज का सेवन किया। कुछ घंटों बाद सुबह होते-होते सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी, दस्त और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद परिवार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें JJ Hospital रेफर किया गया।
अस्पताल में क्या हुआ?
अस्पताल में इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी की मौत हुई। इसके बाद एक-एक कर परिवार के बाकी सदस्यों ने भी दम तोड़ दिया। सबसे आखिर में परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया की भी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुरुआत में Food and Drug Administration की प्राथमिक जांच में खाने में कोई खतरनाक पदार्थ नहीं मिला था, लेकिन विसरा रिपोर्ट आने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया।
क्या होती है विसरा जांच?
विसरा जांच में मृतकों के शरीर और खाने के सैंपल की केमिकल जांच की जाती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शरीर में कोई जहरीला पदार्थ मौजूद था या नहीं। इस मामले में हुई जांच में तरबूज के अंदर जिंक फॉस्फाइड की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के मुताबिक यह केमिकल इंसानी शरीर के लिए बेहद खतरनाक होता है और इसके सेवन से उल्टी, पेट दर्द, सांस लेने में तकलीफ और मौत तक हो सकती है।
पुलिस किन एंगल से कर रही जांच?
अब पुलिस यह जांच कर रही है कि यह लापरवाही का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि तरबूज में जहरीला पदार्थ गलती से पहुंचा या जानबूझकर मिलाया गया। इस घटना ने लोगों के बीच खाने-पीने की चीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है और सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से चर्चा में बना हुआ है।
