बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने ट्रेन से उतरते ही एक युवक पर जबरन रोकने, बंधक बनाने और धमकाने का आरोप लगाया। युवती के शोर मचाने के बाद यात्रियों ने उसकी मदद की और आरोपी युवक को पकड़ लिया।


युवती ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आगरा से यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। जब प्रयागराज और बाद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) पर उतरने का समय आया, तो युवक ने उसे ट्रेन से उतरने नहीं दिया। युवती का कहना है कि आरोपी ने उसे ट्रेन के बाथरूम में बंद कर दिया और चाकू व ब्लेड दिखाकर धमकाया।


सासाराम में यात्रियों ने की मदद

युवती के अनुसार, सासाराम स्टेशन पहुंचने पर उसने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर यात्रियों ने हस्तक्षेप किया और उसे बाहर निकाला। ट्रेन से उतरने के बाद युवती ने स्टेशन के बाहर आरोपी युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई भी हुई।


पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।