1

तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बबीता जी का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली मुनमुन दत्ता एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत ट्रैवल रील शेयर की, जिसके साथ लिखा गया उनका कैप्शन लोगों का ध्यान खींच रहा है। उनकी पोस्ट के बाद फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या मुनमुन शादी करने के मूड में नहीं हैं।

1

वीडियो में मुनमुन दत्ता खुलकर जिंदगी का आनंद लेती नजर आ रही हैं। वह अलग-अलग खूबसूरत जगहों की सैर करती दिखाई देती हैं। ट्रैवलिंग की शौकीन मुनमुन को नई-नई जगहों पर घूमना और अलग-अलग देशों की संस्कृति को करीब से जानना बेहद पसंद है, जिसकी झलक इस वीडियो में भी साफ दिखाई देती है।

1

ट्रैवल रील में मुनमुन ने अपनी यात्राओं की कई यादगार झलकियां साझा की हैं। वीडियो में समुद्र किनारे बिताए गए खूबसूरत पल, बोट राइड, मनमोहक प्राकृतिक नजारे और रेगिस्तान में किए गए एडवेंचर को भी दिखाया गया है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

1

वीडियो में मुनमुन ट्रेकिंग करती, नए लोगों से मिलती, सड़कों पर मस्ती में डांस करती और अलग-अलग संस्कृतियों को करीब से महसूस करती नजर आती हैं। उनकी यह बेफिक्र और खुशमिजाज लाइफस्टाइल सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रही है।

1

इस वीडियो को शेयर करते हुए मुनमुन दत्ता ने एक ऐसा कैप्शन लिखा जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने लिखा, लोग कहते हैं कि तुम तो हमेशा सिंगल ही रह जाओगी. और मैं कहती हूं, अरे वाह! यह तो बहुत बढ़िया है। आगे उन्होंने लिखा, मैंने अपने लिए जो जिंदगी चुनी है, उसे अपनी शर्तों पर जी रही हूं और मैं इसे किसी और तरीके से जीना भी नहीं चाहूंगी। उनकी इस बात को फैंस आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का संदेश मान रहे हैं।

1

पोस्ट शेयर होते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने मुनमुन की सोच और उनकी लाइफस्टाइल की जमकर तारीफ की। अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने भी कमेंट करते हुए हार्ट इमोजी शेयर की और लिखा, सबसे प्यारी, सबसे खुशमिजाज।

1

इससे पहले रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट में मुनमुन दत्ता ने तारक मेहता का उल्टा चश्मा की सफलता को लेकर भी खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि जब उन्हें इस शो में काम मिला था, तब उन्हें सिर्फ इस बात की खुशी थी कि आखिरकार उन्हें एक अच्छी नौकरी मिल गई है। उस समय उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह शो आगे चलकर इतना बड़ा सुपरहिट साबित होगा।

1

उसी इंटरव्यू में मुनमुन ने यह भी खुलासा किया था कि शो में बबीता जी के किरदार के लिए उनका नाम अभिनेता दिलीप जोशी ने सुझाया था। उन्होंने बताया कि उन्हें लगता है दया भाभी का किरदार निभाने वाली दिशा वकानी का नाम भी दिलीप जोशी ने ही सुझाया था। मुनमुन ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी है कि बबीता जी के रोल के लिए भी उनका नाम दिलीप जोशी की ओर से ही आगे बढ़ाया गया था।

(All Photo:Instagram/mmoonstar)

(All Photo:Instagram/mmoonstar)

वर्क फ्रंट की बात करें तो मुनमुन दत्ता पिछले कई वर्षों से लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बबीता जी का किरदार निभा रही हैं। इस रोल ने उन्हें देशभर में जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई है और आज भी वह टीवी की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में शुमार की जाती हैं।