कॉकरोच जनता पार्टी. | Source: Abp News

कॉकरोच जनता पार्टी. Source : Abp News

कॉकरोच जनता पार्टी: परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के बाद सुर्खियों में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब अपने अगले चरण की तैयारी में जुट गई है। संगठन गुरुवार को अपनी भविष्य की रणनीति, देशव्यापी विस्तार और शिक्षा सुधार से जुड़े अभियान को लेकर बड़ा ऐलान करने जा रहा है। इसके लिए संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके के छत्रपति संभाजीनगर स्थित आवास पर नेतृत्व की लंबी रणनीतिक बैठक आयोजित की गई।

सोशल मीडिया से मिले सुझावों के आधार पर तैयार हुई रणनीति

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने वीडियो संदेश जारी कर बताया कि पिछले दो दिनों से संगठन की कोर टीम आंदोलन के अगले चरण की रूपरेखा तैयार करने में जुटी रही। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समर्थकों से मिले हजारों सुझावों और संदेशों की समीक्षा के बाद आगे की रणनीति तय की गई है। संगठन का कहना है कि अब आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा और गुरुवार को इसकी विस्तृत घोषणा की जाएगी।

सात घंटे चली बैठक, देशभर में विस्तार पर बनी सहमति

अभिजीत दीपके के आवास पर करीब सात घंटे तक चली बैठक में संगठन के राष्ट्रीय विस्तार, विभिन्न राज्यों में छात्र संगठनों का नेटवर्क तैयार करने और शिक्षा से जुड़े आंदोलनों को समर्थन देने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि संगठन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

चुनाव नहीं, शिक्षा सुधार और जनदबाव रहेगा फोकस

बैठक के बाद अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया कि कॉकरोच जनता पार्टी चुनावी राजनीति में उतरने की कोई योजना नहीं बना रही है। उन्होंने कहा कि संगठन एक दबाव समूह (प्रेशर ग्रुप) के रूप में कार्य करेगा और शिक्षा सुधार, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा। दीपके ने कहा कि संगठन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर अहिंसक और लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगा। उनके अनुसार, देश में न्यायपालिका, राजनीतिक नेतृत्व और व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है, ऐसे में संगठन जनता की आवाज़ बनकर व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेगा।