उदयनिधि स्टालिन ने किया डबल मीनिंग कमेंट | Source: Abp Newsउदयनिधि स्टालिन ने किया डबल मीनिंग कमेंट. Source : Abp News

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर विवाद गहरा गया है। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर कथित डबल मीनिंग टिप्पणी पर थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) ने कड़ा विरोध जताया है। पार्टी ने इस बयान को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।

रैली के दौरान तृषा के नाम पर विवादित टिप्पणी का आरोप

जानकारी के अनुसार, तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का नाम लिया। आरोप है कि इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उदयनिधि स्टालिन ने कथित तौर पर डबल मीनिंग और आपत्तिजनक टिप्पणी की। बाद में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनका इशारा कावेरी नदी के पानी की ओर था, लेकिन उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और विवाद खड़ा हो गया।

TVK ने NCW से की कार्रवाई की मांग

उदयनिधि स्टालिन के कथित बयान के बाद थलापति विजय की पार्टी TVK ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई। पार्टी का कहना है कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करती है और मौखिक उत्पीड़न को बढ़ावा देती है। TVK ने आयोग से उदयनिधि स्टालिन को नोटिस जारी कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा ने भी जताया विरोध

इस विवाद पर तमिलनाडु भाजपा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने उदयनिधि स्टालिन के कथित बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे अश्लील और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता और मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि इससे पहले भी एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर कई विवादित टिप्पणियां सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।