Source : Patrika News

Source : Patrika News

बिहार में शराबबंदी लागू हुए करीब एक दशक बीत चुका है, लेकिन राज्य में शराब तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां शराब तस्करों और स्थानीय लोगों की गतिविधियों ने पुलिस के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस एक ट्रक में लाई जा रही विदेशी शराब की खेप को पकड़ने पहुंची थी, लेकिन उससे पहले ही तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। इसी बीच आसपास के लोगों को जब ट्रक में शराब होने की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और शराब के कार्टन व बोतलें उठाकर ले जाने लगे। पुलिस के पहुंचने के बाद अफरा-तफरी मच गई और कई लोग शराब छोड़कर भाग निकले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने न सिर्फ शराब तस्करों बल्कि ट्रक से शराब ले जाने वाले लोगों की भी पहचान शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी की जमीनी हकीकत और तस्करी के बढ़ते नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गुप्त सूचना ने खोला शराब तस्करी का बड़ा खेल

बोखड़ा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुधनगरा से जजुआर जाने वाली सड़क पर एक ट्रक से विदेशी शराब की बड़ी खेप उतारी जानी है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक और शराब तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें कार्टन में पैक भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। शुरुआती जांच में करीब 2000 लीटर शराब जब्त किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस पहुंचने से पहले शराब पर टूट पड़े लोग

स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ लोग ट्रक से शराब के कार्टन निकालकर ले जाने लगे। कई लोगों ने शराब की बोतलें और कार्टन अपने कब्जे में कर लिए, जबकि कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ी आते देख शराब को खेतों और आसपास के इलाकों में फेंक दिया और वहां से भाग निकले। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग ट्रक के आसपास दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर शराब ले जाने वाले लोगों की पहचान कर रही है।

वायरल वीडियो के सहारे आरोपियों की तलाश शुरू

थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि बरामद शराब तस्करी और अवैध बिक्री के उद्देश्य से लाई गई थी। पुलिस वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल लोगों के साथ-साथ ट्रक से शराब ले जाने वालों के खिलाफ भी बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा इलाके में तलाशी अभियान चलाकर लूटी गई शराब की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी के बावजूद सक्रिय तस्करी नेटवर्क और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।