शाहरुख ख़ान (फाइल फोटो)शाहरुख ख़ान (फाइल फोटो)

बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान आज हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में गिने जाते हैं। अपनी मेहनत और शानदार अभिनय के दम पर उन्होंने दुनियाभर में पहचान बनाई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बचपन में शाहरुख खान का रिश्ता नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से भी रहा है? हाल ही में दिग्गज अभिनेता पंकज कपूर ने शाहरुख के बचपन का एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

10 साल की उम्र में NSD में पहुंचाते थे समोसे

यूट्यूब चैनल किंडल कास्ट पर बातचीत के दौरान पंकज कपूर ने अपने NSD के दिनों को याद करते हुए शाहरुख खान से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि थिएटर में इंटरवल के दौरान कलाकारों के लिए जो समोसे आते थे, उन्हें कोई और नहीं बल्कि करीब 10 साल के शाहरुख खान पहुंचाया करते थे।

पंकज कपूर ने कहा, वे समोसे शाहरुख खान ही सप्लाई करते थे। उस समय वह करीब 10 साल के एक छोटे बच्चे थे। उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने शाहरुख को NSD कैंपस की कैंटीन में कई बार देखा था। उनके मुताबिक, उस समय शाहरुख के चाचा या उनके पिता कैंटीन का संचालन करते थे।

पंकज कपूर ने यह भी बताया कि उन्हें उस वक्त बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि कैंटीन में समोसे पहुंचाने वाला वही बच्चा आगे चलकर हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा सुपरस्टार बन जाएगा। बाद में दोनों कलाकारों ने 1995 में रिलीज हुई फिल्म राम जाने में साथ काम भी किया।

रेस्टोरेंट बिजनेस से था परिवार का नाता

शाहरुख खान के पिता मीर ताज मोहम्मद खान दिल्ली में एक रेस्टोरेंट चलाते थे और सफदरजंग स्थित लोकप्रिय आउटलेट खातिर के मालिक भी थे। उनके निधन के बाद 1981 में शाहरुख की मां लतीफ फातिमा खान ने इस कारोबार की जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 1990 तक इसे चलाया।

किंग को लेकर चर्चा में हैं शाहरुख खान

शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल फौजी और सर्कस से की थी। इसके बाद 1992 में फिल्म दीवाना से बॉलीवुड में कदम रखा और देखते ही देखते इंडस्ट्री के सबसे बड़े सुपरस्टार बन गए। इन दिनों शाहरुख अपनी अपकमिंग फिल्म किंग को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।