चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह | Source: Chrome

चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाहSource : Chrome

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गुरुवार को पहली मुलाकात हुई। दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक में शामिल होने के लिए अमित शाह चेन्नई पहुंचे हैं। इस बैठक की मेजबानी तमिलनाडु कर रहा है, जहां दक्षिण भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

चेन्नई पहुंचने पर सीएम विजय ने किया अमित शाह का स्वागत

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमित शाह बुधवार रात चेन्नई पहुंचे। इसके बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीर अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की।अमित शाह ने पोस्ट में बताया कि उन्होंने कोवलम, चेंगलपट्टू में होने वाली दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक से पहले चेन्नई में मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की।

कोवलम में होगी क्षेत्रीय परिषद की बैठक

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक कोवलम, चेंगलपट्टू में आयोजित की जा रही है। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें दक्षिण भारत के राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों के अलावा केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और प्रशासक भी शामिल होंगे।

किन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा?

बैठक में राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवादों और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है। इनमें नदी जल बंटवारा, आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम से जुड़े मामले और राष्ट्रीय महत्व के अन्य विषय शामिल हैं।कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से जुड़े जल बंटवारे के मुद्दे भी बैठक में उठने की संभावना है। तमिलनाडु और केरल के बीच नदी जल से जुड़े विवादों पर भी चर्चा हो सकती है।

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में कौन-कौन शामिल?

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना शामिल हैं। इसके अलावा पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह तथा लक्षद्वीप भी परिषद का हिस्सा हैं।तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय परिषद के उपाध्यक्ष हैं।

राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने का मंच

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद का उद्देश्य दो या उससे ज्यादा राज्यों के बीच या केंद्र और राज्यों से जुड़े मामलों पर चर्चा के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसके जरिए राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देने की कोशिश की जाती है।इस बैठक में तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच लंबित मुद्दों के साथ-साथ दक्षिणी राज्यों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

अमित शाह करेंगे पूजा-अर्चना

बैठक के बाद अमित शाह शाम को महाबलीपुरम स्थित शोर मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। ऐसे में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के साथ उनका तमिलनाडु दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है।