
आदिपुरुष को क्यों ट्रोल कर रहे फैंस?
मुंबई: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर के भव्य विजुअल्स, दमदार वीएफएक्स और कलाकारों के लुक की जमकर तारीफ हो रही है। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर एक बार फिर प्रभास और कृति सेनन की फिल्म ‘आदिपुरुष’ चर्चा में आ गई है। बड़ी संख्या में यूजर्स दोनों फिल्मों की तुलना करते हुए ‘आदिपुरुष’ को निशाने पर ले रहे हैं।
‘रामायण’ के ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुई तुलना
ट्रेलर रिलीज होने के कुछ ही समय बाद एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘रामायण’ ट्रेंड करने लगी। भगवान श्रीराम के किरदार में रणबीर कपूर, माता सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण के किरदार में यश के लुक और प्रस्तुति की लोगों ने खूब सराहना की। इसी दौरान कई यूजर्स ने ‘आदिपुरुष’ के दृश्य, वीएफएक्स और संवादों की तुलना ‘रामायण’ से करनी शुरू कर दी। देखते ही देखते ‘आदिपुरुष’ भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी। कई लोगों ने लिखा कि अब समझ आता है कि पौराणिक विषय पर फिल्म किस तरह बनाई जानी चाहिए।
‘आदिपुरुष’ को लेकर यूजर्स ने निकाली भड़ास
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में कई यूजर्स ने ‘आदिपुरुष’ की आलोचना करते हुए लिखा कि फिल्म को सिनेमाघरों तक पहुंचने ही नहीं देना चाहिए था। एक यूजर ने फिल्म का एक दृश्य साझा करते हुए लिखा कि आज तक वह उस सीन को भूल नहीं पाया और समझ नहीं आता कि उसे अंतिम एडिट में कैसे मंजूरी मिल गई। एक अन्य यूजर ने लिखा कि “आदिपुरुष ऐसी फिल्म है जिसे कोई दूसरी बार देखना नहीं चाहेगा।” कई लोगों ने फिल्म के वीएफएक्स और प्रस्तुति पर भी सवाल उठाए और कहा कि ‘रामायण’ का ट्रेलर देखकर दोनों फिल्मों के बीच का अंतर साफ दिखाई देता है।


डायलॉग्स को लेकर फिर उठे सवाल, फिल्म फिर बनी चर्चा का विषय
‘रामायण’ का ट्रेलर आने के बाद ‘आदिपुरुष’ के चर्चित संवाद भी फिर से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। कई यूजर्स ने फिल्म के संवाद लेखक मनोज मुंतशिर की आलोचना करते हुए पुराने डायलॉग साझा किए और उन पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ पोस्ट में व्यंग्य करते हुए लिखा गया कि ऐसे संवाद लिखने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, जबकि कई लोगों ने फिल्म की भाषा और प्रस्तुति को लेकर फिर से सवाल उठाए। हालांकि ये सभी प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया यूजर्स की व्यक्तिगत राय हैं। फिल्म निर्माताओं की ओर से इन वायरल टिप्पणियों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दिवाली पर रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। पहला भाग इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर दर्शकों के बीच आएगा।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

