नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकारी नौकरियों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि यदि युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा तो इसका असर सत्ता तक पहुंचेगा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' अभियान अब 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेगा, जहां बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
'जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा'
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।" उन्होंने कहा कि कोटा और देहरादून के बाद अब 'छात्रों की गूंज' अभियान प्रयागराज में आयोजित होगा। उनके अनुसार प्रयागराज ऐसा शहर है, जहां वर्षों से लाखों युवा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, आवेदन भरते हैं, परीक्षा शुल्क जमा करते हैं और सरकारी नौकरियों का इंतजार करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के वर्तमान और भविष्य दोनों को प्रभावित किया है।
भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक को लेकर सरकार पर सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों के विश्वास को झटका पहुंचाया है। उनका कहना था कि युवा लंबे समय तक तैयारी करने के बाद भी समय पर भर्ती पूरी नहीं होने के कारण निराशा का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार से इन मामलों में जवाबदेही तय करने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग भी की।
दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने दावा किया कि हाल ही में दिल्ली में अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ लाठीचार्ज और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज लगातार उठाती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं के मुद्दों को केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा प्रश्न मानकर गंभीरता से देखा जाना चाहिए।
8 अगस्त को प्रयागराज में होगा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम
कांग्रेस के अनुसार 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत 8 अगस्त को प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, भर्ती प्रक्रिया में देरी से प्रभावित अभ्यर्थियों और पेपर लीक जैसी घटनाओं से परेशान छात्रों की आवाज को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रयागराज लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का प्रमुख केंद्र रहा है और यहां बड़ी संख्या में युवा रोजगार की उम्मीद लेकर वर्षों तक मेहनत करते हैं।
युवा कांग्रेस ने शुरू की हेल्पलाइन
इस बीच भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को छात्रों और युवाओं के लिए एक विशेष हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की। संगठन ने कहा कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से विरोध-प्रदर्शनों में भाग लेने के कारण कथित रूप से धमकी, उत्पीड़न या अन्य प्रकार की परेशानियों का सामना करने वाले छात्रों को कानूनी और संगठनात्मक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
युवा कांग्रेस के बयान के अनुसार 20 जुलाई को हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत संगठन को छात्रों और युवाओं से कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
धमकी और ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायतों का दावा
युवा कांग्रेस ने दावा किया कि उसे मिली शिकायतों में आंदोलन में भाग लेने वाले छात्रों को धमकी मिलने, ऑनलाइन दुर्व्यवहार, उत्पीड़न तथा उनके परिजनों को डराने-धमकाने जैसे आरोप शामिल हैं।
संगठन का कहना है कि कुछ छात्रों ने यह भी शिकायत की कि उनके घर जाकर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान किया गया। युवा कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की धमकी, ऑनलाइन उत्पीड़न या उनके परिजनों को निशाना बनाए जाने जैसी स्थिति का सामना करना पड़े, तो वे जारी की गई हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
