
फोटो: अमर उजाला
मथुरा के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गढ़ी भीमा गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान उस समय हंगामा हो गया,जब एक महिला ने अपनी जमीन जाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।सुनवाई न होने पर पीड़िता ने अपने ऊपर मिटटी का तेल डाल कर आग लगाने की धमकी दी। इस दौरान पुलिस ने महिला को समझा-बुझा कर शांत कर घर भिजवाया। इस हंगामे की वीडियो सोशल मिडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शेरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अजय किशोर ने बताया कि गढ़ी भीमा रोड पर नहर की पटरी से अवैध कब्जा हटाने और वहां खड़ंजा सड़क बनाने के लिए मिट्टी डलवाने का काम किया जा रहा था। इसी के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और जमीन की पैमाइश कर रही थी।
जमीन जाने की आशंका पर महिला ने जताया विरोध
पैमाइश के दौरान शेरगढ़ कस्बे की रहने वाली एक महिला उसी दौरान पहुंची और कार्रवाई का विरोध करने लगी। महिला का कहना था कि जिस जमीन की नाप की जा रही है, उसमें उसकी निजी जमीन भी शामिल की जा रही है। उसने अधिकारियों से पैमाइश रोकने की मांग की और कहा कि उसके पास पहले से ही बहुत कम जमीन है। अगर यह जमीन भी चली गई तो उसके परिवार के लिए बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
मिट्टी का तेल डालकर दी आत्महत्या की धमकी
महिला का कहना है कि अधिकारियों ने उसकी बात गंभीरता से नहीं सुनी और पैमाइश जारी रखने की कोशिश की। इससे नाराज होकर महिला अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया और आग लगाकर जान देने की धमकी देने लगी। महिला के इस कदम से मौके पर अफरा तफरी मच गई। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी तुरंत आए और किसी तरह महिला को समझाने की कोशिश की और ऐसा कदम उठाने से रोका।
आत्महत्या की धमकी के बाद संभले हालात
महिला के हंगामसूचना मिलते ही महिला पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी वहीं पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद महिला शांत जिसके इसके बाद दोबारा पैमाइश कर सड़क निर्माण का काम पूरा कराया गया। थाना प्रभारी अजय किशोर ने बताया कि नहर विभाग की जमीन से गैर-कानूनी कब्जा हटाकर सड़क बनाई जा रही थी, तभी महिला ने अपनी जमीन जाने की अंदेशा में मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह की धमकी दी। महिला ने कहा कि उनकी कम जमीन भी पैमाइश में शामिल की जा रही थी और उनकी बात नहीं सुनी गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जबकि प्रशासन का कहना है कि महिला की शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
