बिहार के सुपौल जिले के एक ट्रेनिंग स्कूल और उसके छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया, जब संस्थान के पुरुष प्रिंसिपल के मोबाइल फोन में महिला शिक्षिकाओं की बड़ी संख्या में तस्वीरें मिलने का मामला सामने आया।

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान प्रिंसिपल अपने मोबाइल में एक फोटो को ज़ूम कर देख रहे थे। तभी पास से गुजर रही एक महिला शिक्षिका की नजर उनके मोबाइल स्क्रीन पर पड़ी। स्क्रीन पर अपनी और अन्य महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें देख उन्होंने तुरंत आपत्ति जताई।

इसके बाद मामला तेजी से फैल गया और अन्य शिक्षिकाएं व कर्मचारी भी मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि आपत्ति के बाद प्रिंसिपल के मोबाइल की गैलरी की जांच की गई, जिसमें दो महिला शिक्षिकाओं की अलग-अलग एंगल से ली गई करीब 150 तस्वीरें मिलीं।

इस खुलासे के बाद स्कूल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम सावन कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं।