टीवी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। लंबे समय से दोनों के रिश्ते में दरार की खबरें सामने आ रही थीं, लेकिन अब इन अटकलों पर खुद आकांक्षा चमोला ने मुहर लगा दी है। रियलिटी शो लॉकअप 2 में आकांक्षा ने खुलासा किया कि वह और गौरव खन्ना तलाक की प्रक्रिया में हैं और पिछले करीब एक साल से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर बहस तेज हो गई है।
गौरव खन्ना छोटे पर्दे के लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अनुपमा में अनुज कपाड़िया का किरदार निभाकर घर घर में पहचान बनाई। इसके अलावा वह कई रियलिटी शोज में भी नजर आ चुके हैं और हाल के समय में अपनी उपलब्धियों को लेकर भी चर्चा में रहे। वहीं, गौरव और आकांक्षा की जोड़ी को टीवी इंडस्ट्री के पसंदीदा कपल्स में शामिल किया जाता था, लेकिन अब दोनों के अलग होने की खबर ने फैंस को हैरान कर दिया है।
लॉकअप 2 में आकांक्षा ने किया रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा
रियलिटी शो लॉकअप 2 के दौरान आकांक्षा चमोला ने पहली बार खुलकर अपनी शादी और रिश्ते को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि वह और गौरव खन्ना तलाक लेने का फैसला कर चुके हैं। आकांक्षा ने यह भी कहा कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं।
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कई तरह के सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स का कहना था कि कुछ समय पहले तक दोनों को साथ में पार्टी करते, जन्मदिन मनाते और सार्वजनिक कार्यक्रमों में देखा गया था। ऐसे में लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या दोनों उस दौरान सिर्फ दिखावे के लिए साथ नजर आ रहे थे या फिर यह सब किसी पब्लिसिटी स्ट्रैटेजी का हिस्सा था। हालांकि इन सवालों पर दोनों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आकांक्षा के पिता ने गौरव खन्ना पर लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे विवाद के बीच आकांक्षा चमोला के पिता राजेंद्र चमोला भी सामने आए और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक वायरल रील पर कमेंट करते हुए अपनी बेटी का समर्थन किया और गौरव खन्ना पर कई गंभीर आरोप लगाए।
आकांक्षा के पिता ने लिखा,
जैसा कि आप सच्चे हो. मैं आकांक्षा का पापा हूं. उसने जो भी कहा वो सब सच था. वो पिछले एक साल से मेरे घर पर अंधेरी में रह रही है. जब तक गौरव और आकांक्षा ऑफिशियली सेपरेट नहीं हो जाते हैं तब तक प्रोफेशनली सपोर्ट करते रहेंगे. गौरव के लिए एक ही शब्द है कि वो बहुत अच्छा एक्टर है. वो आकांक्षा को फाइनेंशियल और मोरल सपोर्ट नहीं दे पाया. उसने बच्चे की बात करके न सिर्फ भरोसा तोड़ा बल्कि जानबूझकर एक्टिंग की और सिम्पेथी ली और मीडिया में आकांक्षा को विलेन दिखाने की कोशिश की. थैंक्यू.
राजेंद्र चमोला की इस टिप्पणी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। कई लोग उनकी बेटी के समर्थन में नजर आए, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि इस मामले में गौरव खन्ना का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

अब तक गौरव खन्ना ने नहीं तोड़ी चुप्पी
आकांक्षा चमोला और उनके पिता के बयानों के बाद भी गौरव खन्ना की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने न तो तलाक की खबरों पर सार्वजनिक रूप से कुछ कहा है और न ही अपने ऊपर लगे आरोपों पर कोई सफाई दी है।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर टीवी इंडस्ट्री और सोशल मीडिया की नजर बनी हुई है। फैंस भी गौरव खन्ना की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस विवाद पर और भी नए खुलासे हो सकते हैं।
