
कानपुर के आलम मार्ट के बाहर ऑफर के चलते जुटी भीड़।Source: Chrome
कानपुर के आलम मार्केट में एक अनोखे ऑफर की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही देर रात बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ मिलने की बात फैलते ही मार्ट के बाहर भीड़ जुट गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर वहां से हटाया।
जन्मदिन पर घोषित किया गया था ऑफर
मामला अनवरगंज थाना क्षेत्र के आलम मार्केट का है। पुलिस के मुताबिक, आलम मार्ट के संचालक और कपड़ा व्यापारी ने अपने जन्मदिन के मौके पर ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ देने वाली सेल का प्रचार सोशल मीडिया पर किया था।ऑफर का मैसेज तेजी से वायरल हुआ और रात करीब 11:59 बजे बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए मार्ट के बाहर पहुंचने लगे।
देखते ही देखते जुट गई हजारों की भीड़
सोशल मीडिया पर ऑफर की जानकारी फैलने के बाद लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई। कुछ ही देर में मार्केट के आसपास काफी भीड़ जमा हो गई। हालात की जानकारी मिलने पर अनवरगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।पुलिस ने लोगों को समझाया और भीड़ को वहां से हटाया। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान किसी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया और न ही लाठीचार्ज हुआ।
गश्त के दौरान पुलिस को मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक, देर रात शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग और गश्त चल रही थी। इसी दौरान आलम मार्केट में बड़ी भीड़ जमा होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम को वहां भेजा गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई बड़ी समस्या नहीं है। वायरल ऑफर और उससे जुड़े पूरे मामले के तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
