कैमूर (भभुआ):
समाहरणालय, कैमूर में मंगलवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आईसीडीएस विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) एवं आकांक्षी परियोजना के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र को PMMVY के तहत चार फॉर्म भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक केवल 60 प्रतिशत लक्ष्य ही पूरा हो पाया है। इस पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए शेष लक्ष्य को शीघ्र शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के पांच आकांक्षी प्रखंडों में पेयजल, शौचालय एवं भवन मरम्मती से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
आकांक्षी परियोजना के अंतर्गत रामपुर एवं कुदरा प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन मरम्मती कार्यों की विवरणी प्रस्तुत की गई। इसके तहत रामपुर के 27 तथा कुदरा के 30 आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मती प्रस्तावित है, जिसके लिए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं में प्रगति तेज करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
