ICC on Pakistan Bowlers: वेस्टइंडीज टेस्ट के बाद पाकिस्तान के दो गेंदबाजों पर ICC का एक्शन, नियम तोड | Source: Abp news.comवेस्टइंडीज टेस्ट के दौरान आक्रामक जश्न मनाने पर ICC ने मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद को सजा दी। पाकिस्तान की टीम पहले टेस्ट में 90 रन से हार चुकी है।

ICC on Pakistan Bowlers: वेस्टइंडीज टेस्ट के बाद पाकिस्तान के दो गेंदबाजों पर ICC का एक्शन, नियम तोडSource : Abp news.com

पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के बाद और बढ़ गई हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें ICC कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने का दोषी पाया है। दोनों खिलाड़ियों को मैदान पर विकेट लेने के बाद किए गए आक्रामक जश्न के कारण सजा सुनाई गई है।

 आक्रामक जश्न पड़ा दोनों पर भारी

ब्रायन लारा क्रिकेट एकेडमी में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान दोनों गेंदबाजों ने विकेट लेने के बाद बल्लेबाजों के बेहद करीब जाकर जश्न मनाया। ICC ने इसे खेल भावना के खिलाफ माना और आर्टिकल 2.5 के तहत लेवल-1 का उल्लंघन करार दिया। इस नियम के अनुसार कोई भी खिलाड़ी ऐसे शब्द, इशारे या व्यवहार नहीं कर सकता, जिससे आउट हुए बल्लेबाज को उकसाने या आक्रामक प्रतिक्रिया देने की स्थिति पैदा हो।

 खुर्रम पर जुर्माना, अब्बास को फटकार

वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के 17वें ओवर में शाई होप का विकेट लेने के बाद खुर्रम शहजाद उनके बेहद करीब पहुंचकर जश्न मनाते दिखाई दिए। इस घटना के लिए ICC ने उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया और उनके खाते में एक डिमैरिट पॉइंट भी जोड़ दिया। वहीं मोहम्मद अब्बास को जोमेल वारिकन का विकेट लेने के बाद किए गए जोशीले जश्न के लिए आधिकारिक फटकार के साथ एक डिमैरिट पॉइंट दिया गया।

 बिना सुनवाई खत्म हुई कार्रवाई

ICC के अनुसार दोनों खिलाड़ियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी जेफ क्रो की ओर से प्रस्तावित सजा पर सहमति जता दी। इसी वजह से मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। यह भी स्पष्ट किया गया कि पिछले 24 महीनों में दोनों खिलाड़ियों का यह पहला अनुशासनात्मक उल्लंघन था।

पहले टेस्ट में मिली 90 रन से हार

मैदान के बाहर मिली इस कार्रवाई से पहले पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 90 रनों की हार झेलनी पड़ी थी। बाबर आजम की कप्तानी में टीम विदेशी सरजमीं पर लगातार आठवें टेस्ट में हार का सामना कर चुकी है। पाकिस्तान ने विदेश में अपनी पिछली टेस्ट जीत जुलाई 2023 में दर्ज की थी और इसके बाद से टीम जीत का इंतजार कर रही है। अब दोनों देशों के बीच दूसरा टेस्ट 2 अगस्त से खेला जाएगा, जहां पाकिस्तान की नजर सीरीज बराबर करने और विदेशी जमीन पर जीत के लंबे इंतजार को खत्म करने पर होगी।