समाजवादी पार्टी के गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी ने दावा किया है कि उनके भाई और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को जेल में यातना दी गई।जहर देकर जेल में उनकी हत्या कर दी गई। जनता जानती है कि मेरे भाई को जालिम हुकूमत ने 18 साल तक जेल में रखा, वो शहीद हो गया। उन्होंने कहा कि जनता सच्चाई जानती है और मुख्तार अंसारी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

P | Source: अमर उजाला

Source : अमर उजाला

ब्रिगेडियर उस्मान के शहादत दिवस कार्यक्रम में दिया बयान

अफजाल मधुबन के बीबीपुर स्थित ब्रिगेडियर उस्मान के पैतृक आवास पहुंचे थे। उनकी 78वीं पुण्यतिथि के 'शहादत दिवस' कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके भाई मुख्तार अंसारी को 18 वर्षों तक जेल में रखा गया। इस दौरान उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया और अंत में जहर देकर उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि यह बात जनता भी जानती है।

जनता का मुख़्तार को लगातार समर्थन

अफजाल अंसारी ने कहा कि मुख्तार अंसारी को जनता का लगातार समर्थन मिलता रहा। उन्होंने कहा कि मुख्तार जेल में रहते हुए भी चुनाव लड़ा और जनता ने उन्हें पांच बार विधायक चुना। उनके मुताबिक, मुख्तार का लोगों से गहरा जुड़ाव था और उन्होंने जरूरतमंदों की हरसंभव मदद की। यही वजह है कि आज भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें याद करते हैं।

उन्होंने कहा, "जो मुख्तार का है, वह मुख्तार का ही रहेगा। सोने में तौल दोगे तब भी वह मुख्तार की ही जय बोलेगा।"

इस मामले पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं

गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी की मौत के बाद उनके परिजनों ने समय-समय पर उनकी मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं प्रशासन और सरकार की ओर से पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई और जांच की गई थी। अफजाल अंसारी के ताजा बयान के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।