नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजनीति में कभी ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी ने खुलासा किया है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की सलाह उन्हें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दी थी। शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति भवन में प्रणब मुखर्जी से मुलाकात के दौरान उन्हें अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर अहम सलाह मिली थी। दिसंबर 2020 में भाजपा में शामिल होने वाले शुभेंदु ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में उस मुलाकात का जिक्र किया।

प्रणब मुखर्जी को अपना गुरु और मार्गदर्शक मानते थे शुभेंदु

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि जब प्रणब मुखर्जी देश के राष्ट्रपति थे, तब वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। उस समय प्रणब दा ने उन्हें सलाह देते हुए कहा था कि यदि वह तृणमूल कांग्रेस में रहकर केवल एक कर्मचारी की तरह काम करना चाहते हैं तो वहीं बने रहें, लेकिन अपनी अलग राजनीतिक पहचान और रास्ता बनाना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ें।

शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके लिए अभिभावक और मार्गदर्शक की तरह थे। उन्होंने हमेशा उनके राजनीतिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रणब मुखर्जी के निधन के बाद भी शुभेंदु कई मौकों पर उन्हें अपना गुरु बता चुके हैं।

'टीएमसी बुआ-भतीजे की कंपनी', शुभेंदु ने कसा तंज

कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे 'बुआ-भतीजे की कंपनी' बताया। उनका इशारा ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की ओर था। उन्होंने कहा कि वह भी कभी इस व्यवस्था का हिस्सा थे, लेकिन कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहते थे, इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।

शुभेंदु ने बताया कि प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि कोई भी फैसला लेने से पहले अपने भविष्य और उद्देश्य के बारे में अच्छी तरह सोच लें। उन्होंने दोहराया कि यदि अपनी शर्तों पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ना बेहतर विकल्प हो सकता है।

कांग्रेस ने प्रणब मुखर्जी की सलाह के दावे पर उठाए सवाल

शुभेंदु अधिकारी के इस बयान पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि प्रणब मुखर्जी ने वास्तव में शुभेंदु को ऐसी राजनीतिक सलाह दी थी, तो उन्हें इसका खुलासा उस समय करना चाहिए था, जब प्रणब मुखर्जी जीवित थे। कांग्रेस नेता ने यह भी सवाल उठाया कि अब इस तरह की बात कहने का क्या औचित्य है।

गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी कभी तृणमूल कांग्रेस में ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। बाद में उन्होंने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में आने के बाद उनका राजनीतिक कद बढ़ा और वह पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल हो गए। उनके इस खुलासे ने एक बार फिर बंगाल की राजनीति में उनके दल-बदल के पुराने घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया है।