नई दिल्ली। योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच शुरू हुई बयानबाजी अब सुलह की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए एक बयान के बाद दोनों संतों के बीच जिस तरह की तल्खी सामने आई थी, उस पर अब धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बाबा रामदेव की तीखी टिप्पणी के बावजूद उन्होंने उन्हें अपना अभिभावक, वरिष्ठ और मार्गदर्शक बताया। उन्होंने यहां तक कहा कि रामदेव की प्रशंसा हो या उनकी निंदा, दोनों ही उनके लिए आशीर्वाद के समान हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने एक कथा कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्वामी रामदेव ने उनका नाम लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। वे महापुरुष हैं और उनके मन में कोई बात आई होगी, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा होगा। धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि रामदेव उनके बड़े हैं और उन्होंने हमेशा उन्हें अभिभावक के रूप में सम्मान दिया है।
चार दिन पहले मंच से की थी जमकर प्रशंसा, अब फटकार को भी बताया आशीर्वाद
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी प्रतिक्रिया में चार दिन पहले हुई एक मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि स्वामी रामदेव कुछ दिन पहले मंच पर आए थे और उस दौरान उन्होंने उनकी खूब प्रशंसा की थी। इसके बाद अचानक आई तीखी टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि संभव है कि कोई बात उन्हें अच्छी नहीं लगी हो, इसलिए उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की होगी।
धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, रामदेव उनके लिए हमेशा सम्माननीय रहे हैं। उनकी कही हर बात उन्हें सहज स्वीकार है। उन्होंने कहा कि रामदेव कभी प्रशंसा कर दें और कभी नाराजगी जता दें, दोनों ही स्थितियों में उनके प्रति सम्मान और अपनापन बना रहेगा।
भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, पूरे विवाद की शुरुआत मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में 3 नवंबर को आयोजित रामकथा के दौरान हुई थी। कथा के मंच से धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा और बांसुरी बजाने की शैली की तुलना भगवान श्रीराम की सीधे खड़े होने वाली मुद्रा और धनुष-बाण से की थी।
उनकी इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धार्मिक और सामाजिक हलकों में बहस शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करने वाला बयान बताते हुए आपत्ति जताई।
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा था कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया है। उनका उद्देश्य दोनों भगवानों के बीच किसी तरह का भेदभाव करना नहीं था। उन्होंने यह भी कहा था कि वे स्वयं भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं।
जमशेदपुर में बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए साधा था निशाना
इस विवाद ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब 23 नवंबर को झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान योग गुरु बाबा रामदेव ने इस तरह की टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि कुछ लोग भगवान राम को महान बताने के चक्कर में भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताने लगते हैं।
रामदेव ने ऐसे कथावाचकों पर निशाना साधते हुए पाखंडी और धूर्त जैसे कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ लोग न वेद पढ़ते हैं और न ही पुराणों का पर्याप्त ज्ञान रखते हैं, लेकिन धार्मिक मंचों से अपनी ओर से कुछ भी बोलने लगते हैं।
रामदेव ने बताया छोटा भाई, कहा- अधिकार से लगाई थी डांट
बयानबाजी के बाद 24 नवंबर को हरिद्वार में बाबा रामदेव ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री से उनकी बातचीत हो चुकी है और उन्होंने अपनी नाराजगी के पीछे की वजह भी स्पष्ट कर दी है।
रामदेव ने कहा कि देवी-देवताओं और अवतारी स्वरूपों की आपस में तुलना करना या उनके बीच भेदभाव दिखाना सनातन परंपरा के अनुरूप नहीं है। इसके अलावा सनातन धर्म को अंधविश्वास और पाखंड से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। इन बातों से उन्हें दुख पहुंचा था, इसलिए उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को अधिकारपूर्वक डांटा था।
हालांकि, उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को अपना छोटा भाई, पुत्र और शिष्य जैसा बताया। रामदेव ने कहा कि उनकी डांट को धीरेंद्र शास्त्री ने भी प्रेम के रूप में स्वीकार किया है। उन्होंने दोनों संतों के समर्थकों से विवाद को आगे नहीं बढ़ाने और एक-दूसरे के खिलाफ अपमानजनक बयानबाजी से बचने की अपील की।
दोनों के बीच बातचीत के बाद विवाद खत्म करने की अपील
बाबा रामदेव ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस मामले में अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री से उनकी बातचीत हो गई है और आपसी विवाद समाप्त हो चुका है। उन्होंने इसे दोनों के बीच का व्यक्तिगत मामला बताते हुए समर्थकों से अनावश्यक बयानबाजी बंद करने का आग्रह किया।
वहीं धीरेंद्र शास्त्री ने भी अपने जवाब में जिस तरह रामदेव के प्रति सम्मान और अपनापन जाहिर किया, उससे विवाद को विराम मिलने के संकेत मिले हैं। अब इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा धीरेंद्र शास्त्री के उस जवाब की हो रही है, जिसमें उन्होंने साफ कहा कि बड़े-बुजुर्गों की प्रशंसा ही नहीं, उनकी नाराजगी भी उनके लिए आशीर्वाद है।
