काम का दबाव, परिवार की जिम्मेदारियां और भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच पुरुष अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं। देर रात तक जागना, घंटों एक जगह बैठकर काम करना, सिगरेट पीना और नियमित शराब का सेवन कई लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। शुरुआत में इन आदतों का असर भले ही दिखाई न दे, लेकिन लंबे समय तक जारी रहने पर ये गंभीर बीमारियों की वजह बन सकती हैं। इनमें कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का खतरा भी शामिल है। विशेषज्ञों के मुताबिक, पुरुषों की रोजमर्रा की कुछ ऐसी आदतें हैं, जिन्हें समय रहते बदलना बेहद जरूरी है।
1. सिगरेट और तंबाकू का सेवन
सिगरेट पीना और किसी भी रूप में तंबाकू का इस्तेमाल कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल है। कई लोग कभी-कभार धूम्रपान करने को ज्यादा नुकसानदायक नहीं मानते, लेकिन तंबाकू के सेवन की कोई सुरक्षित मात्रा नहीं मानी जाती। इससे फेफड़ों, मुंह, गले, मूत्राशय और अग्न्याशय के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। लंबे समय तक खांसी रहना, आवाज में बदलाव आना, मुंह में घाव ठीक न होना या खाना निगलने में परेशानी होना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
2. रोज शराब पीने की आदत
शराब का नियमित और अधिक सेवन भी कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है। इसका संबंध लिवर, मुंह, गले, भोजन नली और आंतों के कैंसर से जुड़ा है। खास बात यह है कि जो लोग धूम्रपान के साथ शराब का सेवन भी करते हैं, उनमें मुंह और गले के कुछ कैंसर का जोखिम और अधिक हो सकता है। लगातार थकान, पेट में परेशानी और पाचन संबंधी समस्याएं होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
3. बढ़ते पेट और मोटापे को नजरअंदाज करना
आजकल कम उम्र में ही कई पुरुषों का वजन और कमर का आकार तेजी से बढ़ रहा है। लंबे समय तक बैठकर काम करना, शारीरिक गतिविधियों की कमी और असंतुलित खानपान इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। पेट के अंदर जमा अतिरिक्त चर्बी को विसरल फैट कहा जाता है। मोटापा केवल डायबिटीज और हृदय रोगों का खतरा ही नहीं बढ़ाता, बल्कि कुछ प्रकार के कैंसर से भी जुड़ा हुआ है। इनमें कोलन, लिवर और अग्न्याशय के कैंसर शामिल हैं। इसलिए केवल वजन ही नहीं, कमर के बढ़ते आकार पर भी ध्यान देना जरूरी है।
4. शारीरिक गतिविधियों से दूरी बनाना
दिनभर कुर्सी पर बैठकर काम करना और नियमित व्यायाम नहीं करना भी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। शारीरिक गतिविधियों की कमी से मोटापा बढ़ने और शरीर का मेटाबॉलिज्म प्रभावित होने का खतरा रहता है। लंबे समय तक निष्क्रिय जीवनशैली कई गंभीर बीमारियों से जुड़ी है। नियमित पैदल चलना, साइकिल चलाना और अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम करना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है।
5. खानपान में लापरवाही और असंतुलित दिनचर्या
फास्ट फूड, प्रोसेस्ड मीट, अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थ और फाइबर की कमी वाला खानपान भी लंबे समय में स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। खासकर प्रोसेस्ड मीट का अधिक सेवन कोलोरेक्टल कैंसर के बढ़े हुए खतरे से जुड़ा है। इसके अलावा फल, सब्जियां और साबुत अनाज कम खाना भी संतुलित पोषण की कमी पैदा कर सकता है। देर रात तक जागना और दिनचर्या में नियमितता नहीं रखना भी स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकता है।
समय रहते बदलें आदतें, कैंसर के खतरे को करें कम
ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. विनीत तलवार के अनुसार, पुरुषों को अपनी रोजमर्रा की आदतों और स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक रहने की जरूरत है। तंबाकू से पूरी तरह दूरी बनाना, शराब से परहेज करना, वजन नियंत्रित रखना, नियमित शारीरिक गतिविधियां करना और संतुलित भोजन अपनाना कैंसर के जोखिम को कम करने में मददगार हो सकता है। शरीर में लंबे समय तक बने रहने वाले असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से जांच कराना भी जरूरी है।
