चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर-पीपलकोटी क्षेत्र में गुरुवार शाम निर्माणाधीन सुरंग में अचानक पानी और मलबा भर जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर अब भी लापता हैं। सुरंग में मौजूद 22 मजदूरों में से 19 को बाहर निकाल लिया गया।


हादसा टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ। भूस्खलन और जमीन धंसने के बाद पानी और मलबा सुरंग के भीतर भर गया, जिससे मजदूर फंस गए। घायलों को गोपेश्वर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। सुरंग में पानी और मलबा जमा होने तथा लगातार पानी आने से लापता मजदूरों की तलाश में मुश्किलें आ रही हैं। बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर घायल मजदूरों से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और मृत मजदूरों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

प्रशासन और बचाव दलों की प्राथमिकता अब सुरंग में लापता तीन मजदूरों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।