पटना। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर कंकड़बाग स्थित अरुण जेटली पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय और विधायक संजय गुप्ता समेत भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि अरुण जेटली का राष्ट्रसेवा और सार्वजनिक जीवन में योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने देश के विकास, आर्थिक सुधार, लोकतांत्रिक मूल्यों और भाजपा संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका पूरा सार्वजनिक जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा।

मंगल पांडेय ने कहा कि अरुण जेटली कुशल राजनेता, प्रखर वक्ता, उत्कृष्ट विधिवेत्ता और संगठन के समर्पित कार्यकर्ता थे। अपनी राजनीतिक सूझबूझ और दूरदर्शिता के कारण उन्होंने सार्वजनिक जीवन में अलग पहचान बनाई। केंद्रीय वित्त मंत्री के रूप में भी उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।

विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि अरुण जेटली के विचार, कार्यशैली और आदर्श भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा के स्रोत रहेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसदीय परंपराओं को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। देश और समाज उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव के अलावा रवि सिंह, निरंजन, राजू सिन्हा, अरुण माइकल, मुकेश सिन्हा, राजन, प्रदीप झा, चुनमुन सिंह, महाराज महतो और धनंजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अरुण जेटली के आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उनके विचार और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।