blood donation camp, buxar | Source: kalam lokबक्सर। स्वर्गीय रामेश्वरनाथ जी की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार (09 जुलाई) को सामाजिक संस्था ‘ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड, बक्सर’ की ओर से मध्य लोहन्दी भवन, आर.एन. पथ, नगर परिषद कार्यालय के पीछे महा रक्तदान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 23 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।

गणमान्य अतिथियों ने किया शिविर का उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन रेड क्रॉस के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष सौरभ कुमार तिवारी तथा भारतीय स्टेट बैंक, मुंबई के डिप्टी जनरल मैनेजर एवं रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार मानसिंहका ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भाजपा नेता सुमित मानसिंहका, ब्लड बक्सर के उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, आदिल खान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदान को समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

23 रक्तदाताओं ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

शिविर में दो महिला रक्तदाताओं नेहा केजरीवाल और निधि केजरीवाल सहित कुल 23 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में प्रविव रंजन, नसीम नायक, सतीश कुमार पांडेय, प्रियेश, प्रभात कुमार, लाल बाबू पांडेय, प्रभा रंजन, रविशंकर, मंटू कुमार, संजय पटवा, विजय भूषण सिंह, प्रशांत राय, सूरज कुमार गुप्ता, नमन कुमार गुप्ता, प्रशांत कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र राय, राहुल वर्मा, सक्षम केजरीवाल, विवेक कुशवाहा सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे। सभी रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया।

मां के जन्मदिन को बनाया सेवा का पर्व

शिविर का सबसे प्रेरणादायक क्षण उस समय सामने आया, जब सक्षम केजरीवाल ने अपनी माता और नियमित रक्तदाता नेहा केजरीवाल के जन्मदिन को खास बनाने के लिए पहली बार रक्तदान किया। संस्था ने इस पहल को "शुभारंभ–नई सोच, नई परंपरा" अभियान का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों को रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। संस्था ने युवाओं से भी ऐसे अवसरों पर रक्तदान करने की अपील की।

रक्तदान से स्वास्थ्य को भी मिलते हैं लाभ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रवीण कुमार मानसिंहका ने कहा कि नियमित रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है तथा शरीर में आयरन का स्तर संतुलित बना रहता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले प्रत्येक रक्तदाता की रक्तचाप, नाड़ी, शरीर का तापमान, हीमोग्लोबिन, एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की जाती है। इससे रक्तदाता को अपने स्वास्थ्य की जानकारी भी मिलती है।

अगले शिविर की भी हुई घोषणा

ब्लड बक्सर के उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि जुलाई माह का यह पहला रक्तदान शिविर था। भारत सरकार के नेशनल ब्लड डोनेशन ड्राइव के समर्थन में संस्था का अगला रक्तदान शिविर 11 जुलाई (शनिवार) को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक युवक-युवतियां 8804433322 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

हर माह चलाया जाता है जागरूकता अभियान

संस्था के संचालक प्रियेश ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि संस्था प्रत्येक माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करती है। "शुभारंभ–नई सोच, नई परंपरा" अभियान के तहत जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों को रक्तदान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनी रहे और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।

रक्तदाताओं का किया गया सम्मान

शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को ब्लड बक्सर की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुमेघा कुमारी, अंकिता कुमारी, आदिल खान, निशा कुमारी, नसीम नायक, कुमार गौरव तथा ब्लड बैंक के संतोष कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।