
सदाकत आश्रम
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय दारोगा प्रसाद राय की 104वीं जयंती और प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय लहटन चौधरी की 23वीं पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने की।
बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, राजेश राम समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर राजेश राम ने कहा कि दारोगा प्रसाद राय ने बिहार की राजनीति में सामाजिक न्याय, गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा और उनके विचार आज भी बिहार के लिए प्रासंगिक हैं।
लहटन चौधरी को याद करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने बिहार कांग्रेस को मजबूत करने और संगठन को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी संगठनात्मक क्षमता, संघर्ष और कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्धता कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें डॉ. संजय यादव, पंकज यादव, वैद्यनाथ शर्मा, डॉ. कुमारी सोनी, गुरुदयाल सिंह, चंद्रभूषण राजपूत, राजनन्दन कुमार, रंजीत कुमार वाल्मीकि, अरविंद कुमार पासवान, सुरेंद्र कुमार दास, मृत्यंजय कुमार सिंह, दीपक शर्मा, उपेंद्र प्रसाद, शमा परवेज, डॉ. पिंकी कुमारी, रिंकू देवी, ज्योति देवी, आभा पाण्डेय और मंजू देवी सहित अन्य नेता शामिल रहे।
