
Rjd
पटना, 5 सितंबर। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति एवं शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस तथा अमर शहीद जगदेव प्रसाद की पुण्यतिथि पर संकल्प दिवस मनाया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षक के रूप में अपने जीवन की शुरुआत की और आगे चलकर देश के राष्ट्रपति पद तक पहुंचे। वक्ताओं ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक योगदान को प्रेरणादायी बताया।
वहीं, जगदेव प्रसाद को सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई का प्रमुख योद्धा बताते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही गई। वक्ताओं ने कहा कि जगदेव प्रसाद ने समाज के वंचित, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और समतामूलक समाज की स्थापना को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया।
कार्यक्रम में राजद नेताओं ने जगदेव प्रसाद के सामाजिक न्याय से जुड़े विचारों और 90 प्रतिशत आरक्षण के उनके आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
इस मौके पर राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, मधु मंजरी, हरेंद्र कुमार कुशवाहा, नंदू यादव, अरुण कुमार, निर्भय अंबेडकर, प्रमोद कुमार राम, कुमर राय और उपेंद्र चंद्रवंशी समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
