
रविशंकर प्रसाद
पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का प्रसारण सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ‘मन की बात’ महज संवाद का कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने और जनभागीदारी को बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में सकारात्मक बदलाव लाने वाले सामान्य नागरिकों की उपलब्धियों और उनके प्रयासों को सामने लाते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की खासियत यह है कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों के काम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। इससे अन्य लोगों को भी समाज और राष्ट्र के लिए बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, स्थानीय उत्पाद, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों जैसे विषयों को लगातार जनचर्चा से जोड़ा है। उनके मुताबिक, देश का विकास केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सेवा तथा जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को और गति देने की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभु, विधान परिषद सदस्य संजय मयूख, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर व नितिन अभिषेक, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल व प्रणव यादव, विधायक महेश पासवान, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रूंगटा, महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, मृत्युंजय तिवारी, मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार, प्रदेश प्रवक्ता सुहेली मेहता समेत प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
