बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के एक युवक की सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक का शव रियाद स्थित उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटकाया गया है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन साल से सऊदी अरब में कर रहे थे नौकरी
मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के घोड़पकड़ी गांव निवासी आबुल मियां (35) के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित एक गारमेंट्स कंपनी में सिलाई का काम कर रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात उन्होंने परिवार से मोबाइल पर बात की थी। बातचीत के बाद उनका फोन बंद हो गया, जिससे परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई।
कमरे में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
आबुल मियां के बहनोई अलाउद्दीन अंसारी भी रियाद में ही रहते हैं। जब वह उनके कमरे पर पहुंचे तो आबुल मियां मृत अवस्था में मिले। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की मां आर्य खातून का कहना है कि उनका बेटा कभी आत्महत्या नहीं कर सकता। परिवार का आरोप है कि आबुल मियां की हत्या कर उनके शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि इसे आत्महत्या का मामला दिखाया जा सके। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू
आबुल मियां अपने पीछे मां, पत्नी मरियम खातून, बेटा अरहान और दो बेटियां सालिया व सना को छोड़ गए हैं। घटना की खबर मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।
कंपनी की ओर से शव को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिवार चाहता है कि जल्द से जल्द शव गांव पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
