बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में PG कोर्स में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। BHU ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MSc लाइफ साइंसेज, MSc बायोटेक्नोलॉजी, MSc मॉलिक्यूलर एंड ह्यूमन जेनेटिक्स और BA BEd कोर्स में एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी के अनुसार, CUET-PG और GAT-B के जरिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


10 जुलाई तक भरें आवेदन फॉर्म

BHU ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट के जरिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी है। विश्वविद्यालय ने बताया कि MSc लाइफ साइंसेज और अन्य संबंधित कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 10 जुलाई 2026 तय की गई है। ऐसे में इच्छुक छात्रों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।


एंट्रेंस स्कोर के आधार पर मिलेगा एडमिशन

विश्वविद्यालय के अनुसार, MSc लाइफ साइंसेज और अन्य PG कोर्स में दाखिला CUET-PG और GAT-B के स्कोर के आधार पर दिया जाएगा। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय BHU को अपनी पसंदीदा यूनिवर्सिटी के रूप में चुनना होगा। इसके बाद यूनिवर्सिटी की काउंसलिंग और एलॉटमेंट प्रक्रिया के अनुसार सीटें आवंटित की जाएंगी।


योग्यता और फीस से जुड़ी जानकारी

BHU में बायोकेमिस्ट्री, बॉटनी, एनवायरमेंटल साइंस और एप्लाइड माइक्रोबायोलॉजी समेत कई स्पेशलाइजेशन में MSc कोर्स उपलब्ध हैं। इन कोर्सों में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ BSc की डिग्री होना जरूरी है। कोर्स से जुड़ी फीस और अन्य जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।


ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार BHU की आधिकारिक एडमिशनhttps://bhuadm.samarth.edu.inवेबसाइट bhuadm.samarth.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज और सही जानकारी अपलोड करना जरूरी है। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से अपील की है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।