दय्यान खान
रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. आज यानी 28 अप्रैल से दो नई Amrit Bharat Express ट्रेनों की शुरुआत हो गई है. इन ट्रेनों के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले से ज्यादा आसान, तेज और किफायती हो जाएगी. खास बात यह है कि इन ट्रेनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री Narendra Modi डिजिटल माध्यम से करेंगे.
नई ट्रेनों के शुरू होने से लंबी दूरी के यात्रियों, रोजाना सफर करने वालों और तीर्थ यात्रियों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है. रेलवे की यह पहल खास तौर पर उन यात्रियों के लिए अहम मानी जा रही है जो कम खर्च में लंबी दूरी तय करना चाहते हैं.
पहली ट्रेन बनारस-हडपसर Amrit Bharat Express है, जो ट्रेन नंबर 22589 से चलेगी, जबकि वापसी में हडपसर से बनारस के लिए 22590 नंबर से संचालन होगा. यह ट्रेन वाराणसी से पुणे के सैटेलाइट टर्मिनल हडपसर तक चलेगी. रास्ते में ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, अहमदनगर और दौंड समेत 18 प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा.
टाइमिंग की बात करें तो बनारस-हडपसर Amrit Bharat Express शाम 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 12:10 बजे हडपसर पहुंचेगी. वहीं वापसी में यह सुबह 7:50 बजे हडपसर से चलकर अगले दिन दोपहर 2:30 बजे बनारस पहुंचेगी. इस ट्रेन का अनुमानित किराया 700 से 850 रुपये के बीच बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
दूसरी बड़ी सौगात अयोध्या धाम से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) के बीच चलने वाली Amrit Bharat Express है. पहले सफर के दौरान यह 02212 नंबर से चलेगी, जबकि नियमित सेवा में 22111 और 22112 नंबर से संचालन होगा. यह ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
28 अप्रैल को अपने पहले सफर में यह ट्रेन शाम 4:45 बजे अयोध्या से रवाना होगी और अगले दिन रात 9:05 बजे मुंबई पहुंचेगी. इस ट्रेन का संभावित किराया 700 से 800 रुपये के बीच हो सकता है.
इन दोनों Amrit Bharat Express ट्रेनों की खासियत यह है कि ये पूरी तरह Non-AC ट्रेनें हैं, जिनमें जनरल और स्लीपर कोच शामिल हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए इनमें CCTV कैमरे, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम, पैंट्री सुविधा, हर बर्थ पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, USB Type-A और Type-C पोर्ट और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं दी गई हैं.
रेलवे की ये नई पहल आम यात्रियों के लिए राहत भरी मानी जा रही है. कम किराए, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ये ट्रेनें लंबी दूरी के सफर को और सुविधाजनक बना सकती हैं.
