दय्यान खान
ईरान में युद्ध जैसे हालात के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को भावुक कर दिया। वायरल वीडियो में एक ईरानी बच्चा करीब 2 महीने बाद अपने स्कूल लौटता नजर आता है। जैसे ही वह क्लासरूम में पहुंचता है, उसके दोस्त दौड़कर उसे गले लगा लेते हैं। कई बच्चों की आंखों में आंसू दिखाई देते हैं और पूरा माहौल बेहद इमोशनल हो जाता है।
युद्ध के बीच अचानक टूट गया था संपर्क
वायरल पोस्ट के मुताबिक रादिन नाम का यह बच्चा चीन में पढ़ाई करता है। फरवरी में विंटर ब्रेक के दौरान वह अपने परिवार के साथ Iran गया था। जाने से पहले उसने अपने टीचर को मैसेज भेजा था कि वह 20 दिनों में वापस क्लास में लौट आएगा।
लेकिन कुछ ही दिनों बाद ईरान में तनाव और युद्ध जैसे हालात बन गए। इसके बाद करीब 42 दिनों तक रादिन से कोई संपर्क नहीं हो पाया। स्कूल में उसके दोस्त और टीचर लगातार उसकी सलामती की दुआ कर रहे थे।
102 दिनों बाद स्कूल पहुंचा रादिन
करीब 2 महीने बाद जब रादिन अचानक स्कूल पहुंचा तो क्लासरूम का माहौल भावुक हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही बच्चे अपने दोस्त को देखते हैं, वह दौड़कर उसे गले लगा लेते हैं। कई बच्चे रोते नजर आते हैं और “Welcome Home” कहते हुए उसका स्वागत करते हैं।
वीडियो में रादिन भी काफी खुश दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि लगभग 102 दिनों बाद वह फिर से अपनी सामान्य जिंदगी में लौट पाया।
सोशल मीडिया पर इमोशनल हुए लोग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी काफी भावुक नजर आए। एक यूजर ने लिखा, “यह सिर्फ दोस्ती नहीं बल्कि इंसानियत की सबसे खूबसूरत तस्वीर है।”
वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “युद्ध सबसे ज्यादा बच्चों का बचपन छीनता है।”
एक अन्य यूजर ने लिखा, “बहुत इमोशनल कर देने वाला वीडियो… उम्मीद है यह बच्चा अब सुरक्षित रहेगा।”
बच्चों की मासूमियत और अपने दोस्त के लिए उनका प्यार लोगों का दिल जीत रहा है। इंटरनेट पर कई लोग इसे इस साल का सबसे इमोशनल वीडियो बता रहे हैं।
