पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार के बड़े कैबिनेट विस्तार के बाद जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, उनमें वरिष्ठ पत्रकार और बीजेपी नेता स्वप्न दासगुप्ता भी शामिल हैं। लंबे समय तक पत्रकारिता, राजनीतिक विश्लेषण और वैचारिक बहसों का चर्चित चेहरा रहे स्वपन दासगुप्ता अब बंगाल की सत्ता में मंत्री के रूप में नई भूमिका निभाने जा रहे हैं। हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार में उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है, जिसके बाद एक बार फिर उनका नाम राष्ट्रीय राजनीतिक चर्चा में आ गया है।
कौन हैं स्वपन दासगुप्ता?
स्वपन दासगुप्ता देश के जाने-माने पत्रकार, राजनीतिक टिप्पणीकार और लेखक रहे हैं। उन्होंने कई दशकों तक भारतीय राजनीति, समाज और नीतियों पर लेखन किया है। पत्रकारिता के दौरान उन्होंने The Statesman, The Times of India, India Today और The Indian Express जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने लंदन विश्वविद्यालय के School of Oriental and African Studies से उच्च शिक्षा प्राप्त की और दक्षिण एशियाई राजनीति पर रिसर्च भी किया। कुछ समय तक उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के नफील्ड कॉलेज में रिसर्च और अध्यापन कार्य भी किया।
पद्म भूषण से हो चुके हैं सम्मानित
पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में योगदान के लिए भारत सरकार ने स्वपन दासगुप्ता को वर्ष 2015 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था। यह देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है। उनके लेखन और राजनीतिक विश्लेषण को लंबे समय तक राष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता से सुना और पढ़ा जाता रहा है।
राजनीति में कैसे हुई एंट्री?
पत्रकारिता के बाद स्वपन दासगुप्ता सक्रिय राजनीति में आए और बीजेपी से जुड़ गए। वर्ष 2016 में उन्हें साहित्य और सार्वजनिक जीवन के क्षेत्र में योगदान के आधार पर राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। बाद में उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तारकेश्वर सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी पार्टी नेतृत्व का उन पर भरोसा बना रहा। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रासबिहारी सीट से जीत दर्ज की और अब उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीजेपी नेतृत्व का भरोसेमंद चेहरा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्वपन दासगुप्ता बीजेपी के उन नेताओं में गिने जाते हैं जिनकी पहचान सिर्फ संगठनात्मक राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि वे पार्टी के वैचारिक और बौद्धिक चेहरों में भी शामिल रहे हैं। बंगाल में बीजेपी के विस्तार के दौरान उन्होंने पार्टी के पक्ष में लगातार लेखन और राजनीतिक हस्तक्षेप किया। यही वजह है कि पार्टी नेतृत्व उन्हें लंबे समय से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए उपयुक्त मानता रहा है।
शुभेंदु सरकार में क्या है महत्व?
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में हुए कैबिनेट विस्तार में स्वपन दासगुप्ता को शामिल किया जाना सिर्फ एक राजनीतिक नियुक्ति नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे बीजेपी की उस रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है जिसमें अनुभवी, बौद्धिक और सार्वजनिक जीवन में पहचान रखने वाले चेहरों को सरकार में जगह दी जा रही है। बंगाल की राजनीति में उनकी एंट्री और मंत्री पद की जिम्मेदारी आने वाले समय में शिक्षा, नीति निर्माण और वैचारिक राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
