बारिश का मौसम आते ही देश के कई पहाड़ी और प्राकृतिक पर्यटन स्थल अपनी असली खूबसूरती में नजर आने लगते हैं। मानसून के दौरान हरियाली, झरने, बादलों से ढकी वादियां और रंग-बिरंगे फूल इन जगहों को और भी आकर्षक बना देते हैं। अगर आप बारिश के मौसम में प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं, तो देश के ये खूबसूरत डेस्टिनेशन आपकी यात्रा को यादगार बना सकते हैं।

वैली ऑफ फ्लावर्स, उत्तराखंड

उत्तराखंड का वैली ऑफ फ्लावर्स ऐसा ही एक ठिकाना है। मानसून के दौरान यहां रंग-बिरंगे जंगली फूलों की चादर बिछ जाती है और पूरी घाटी किसी प्राकृतिक बगीचे जैसी दिखाई देती है। प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं मानी जाती।

कूर्ग, कर्नाटक

कर्नाटक का कूर्ग भी बारिश के बाद एक अलग ही रंग में नजर आता है। कॉफी के बागानों की खुशबू, घने कोहरे से ढकी पहाड़ियां और पूरे वेग से बहते झरने यहां की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं।

मुन्नार, केरल

केरल का मुन्नार वैसे तो सालभर हरा-भरा रहता है, लेकिन बारिश के बाद इसकी चाय बागानों से ढकी पहाड़ियां और भी ज्यादा आकर्षक हो जाती हैं। बादलों से घिरी घाटियां यहां का नजारा और भी यादगार बना देती हैं।

सोहरा (चेरापूंजी), मेघालय

मेघालय का सोहरा, जिसे चेरापूंजी के नाम से भी जाना जाता है, मानसून के मौसम में अपनी असली पहचान दिखाता है। यहां के झरने, हरियाली और जीवित जड़ पुल पर्यटकों को किसी जादुई दुनिया का अहसास कराते हैं।

डजुको वैली, नागालैंड- मणिपुर

नागालैंड और मणिपुर की सीमा पर स्थित डजुको वैली भी बारिश के बाद बेहद खूबसूरत नजर आती है। हरी-भरी घास के मैदान और मौसमी फूल इस जगह को प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बना देते हैं।

जीरो वैली, अरुणाचल प्रदेश

अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली अपनी शांत वादियों और धान के खेतों के लिए मशहूर है। मानसून के बाद यहां की हरियाली और पहाड़ी नजारे पर्यटकों को शहरों की भागदौड़ से दूर सुकून का एहसास कराते हैं।

कुद्रेमुख नेशनल पार्क, कर्नाटक

कर्नाटक का कुद्रेमुख नेशनल पार्क ट्रेकिंग के शौकीनों के बीच काफी लोकप्रिय है। बारिश के बाद यहां की घाटियां, जंगल और घास के मैदान बेहद हरे-भरे हो जाते हैं, जिससे ट्रेक का अनुभव और रोमांचक बन जाता है।

तीर्थन और सैंज घाटियां, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश की तीर्थन और सैंज घाटियां भी मानसून के बाद देखने लायक बन जाती हैं। साफ बहती नदियां, देवदार के जंगल और पहाड़ों के बीच बसे छोटे गांव यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के बेहद करीब ले जाते हैं।