महिलाओं में आयरन की कमी एक आम समस्या है, लेकिन यह उनकी सेहत, कार्यक्षमता और रोजमर्रा की जिंदगी पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। कई बार इसके लक्षणों को लोग सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। इसी विषय पर क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटीशियन लवनीत बत्रा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।

न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा के अनुसार, कई महिलाएं यह सवाल करती हैं कि वे रोज दाल खाती हैं, फिर भी उनमें आयरन की कमी क्यों हो जाती है। दरअसल, आयरन की कमी केवल इस बात पर निर्भर नहीं करती कि आप कितना आयरन खा रहे हैं, बल्कि इस पर भी निर्भर करती है कि आपका शरीर उसे कितनी प्रभावी तरीके से अवशोषित कर पा रहा है।

आयरन की कमी के सामान्य लक्षण

अगर आपको निम्न समस्याएं बार-बार महसूस होती हैं, तो इसके पीछे आयरन की कमी एक कारण हो सकती हैं

लगातार थकान महसूस होना

चक्कर आना

शरीर में कमजोरी रहना

सांस जल्दी फूलना

हमेशा ठंड लगना

पीरियड्स के दौरान अधिक कमजोरी महसूस होना

महिलाओं को कितने आयरन की जरूरत होती है?

पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक, एक वयस्क महिला को प्रतिदिन लगभग 18 से 21 मिलीग्राम आयरन की आवश्यकता होती है। वहीं, एक कटोरी दाल में केवल 2 से 3 मिलीग्राम आयरन होता है। ऐसे में केवल दाल का सेवन शरीर की दैनिक आयरन जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं माना जाता।

कौन-सी चीजें आयरन के अवशोषण को रोकती हैं?

कुछ आदतें और स्थितियां शरीर में आयरन के अवशोषण को प्रभावित कर सकती हैं, जैसे:

खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीना

विटामिन C की कमी

पाचन तंत्र का ठीक से काम न करना

बार-बार डाइटिंग करना

अधिक ब्लीडिंग वाले पीरियड्स

प्रोटीन की कमी

आयरन की कमी से बचने के आसान उपाय

खाने के साथ नींबू का सेवन करें

नींबू में विटामिन C भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर को आयरन बेहतर तरीके से अवशोषित करने में मदद करता है। इसलिए सलाद, दाल या सब्जी के साथ नींबू का सेवन फायदेमंद हो सकता है।

खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी न पिएं

चाय और कॉफी में मौजूद कुछ तत्व आयरन के अवशोषण को कम कर सकते हैं। इसलिए इन्हें भोजन के कम से कम 1 से 2 घंटे बाद पीना बेहतर माना जाता है।

प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं

प्रोटीन शरीर में आयरन के सही उपयोग में मदद करता है। इसलिए दाल, पनीर, दूध, दही, अंडे और अन्य प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट में शामिल करें।

पाचन तंत्र का रखें विशेष ध्यान

यदि आपका पाचन तंत्र स्वस्थ नहीं होगा, तो शरीर आयरन को सही तरीके से अवशोषित नहीं कर पाएगा। इसलिए पेट की सेहत का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।

Disclaimer: यह जानकारी विशेषज्ञों की राय और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या आयरन की कमी के संदेह की स्थिति में डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।