आईपीएल 2026 में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मैदान पर लगातार हार झेलने के बाद अब टीम के अंदरूनी रिश्तों को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब प्रशंसकों ने दावा किया कि कप्तान हार्दिक पांड्या ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों को इंस्टाग्राम पर अनफ़ॉलो कर दिया है।


सोशल मीडिया पर 'अनफ़ॉलो' का ड्रामा

रिपोर्टों और वायरल स्क्रीनशॉट्स के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मिली हार के बाद हार्दिक पांड्या ने कथित तौर पर मुंबई इंडियंस के आधिकारिक हैंडल के साथ-साथ रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को अनफ़ॉलो कर दिया। हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद हार्दिक ने टीम के हैंडल को वापस फॉलो करना शुरू कर दिया, लेकिन रोहित और सूर्या अब भी उनकी 'फॉलोइंग' लिस्ट से गायब बताए जा रहे हैं।


क्या टूट गया है टीम का भरोसा?

इस सीजन में हार्दिक की कप्तानी और उनकी फॉर्म पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने 11 मैचों में केवल 146 रन बनाए हैं और महज 4 विकेट झटके हैं। उनकी कप्तानी में टीम 11 में से 8 मैच हारकर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। हाल के मैचों में हार्दिक 'बैक स्पैम' के कारण बाहर रहे हैं, जिसकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कमान संभाली। विशेषज्ञों का मानना है कि ड्रेसिंग रूम में कप्तानी और नेतृत्व को लेकर गहरी गुटबाजी है, जिसका असर मैदान पर टीम के प्रदर्शन में साफ नजर आ रहा है।


मैनेजमेंट का रुख और अटकलें

भले ही एमआई मैनेजमेंट अब तक हार्दिक पांड्या का बचाव करता आया है, लेकिन सोशल मीडिया की इस सक्रियता ने अफवाहों के बाजार को गर्म कर दिया है। चर्चा है कि अगले सीजन से पहले हार्दिक पांड्या को टीम से रिलीज किया जा सकता है और सूर्यकुमार यादव को पूर्णकालिक कप्तान बनाया जा सकता है।

फिलहाल, न तो हार्दिक पांड्या और न ही मुंबई इंडियंस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण आया है। लेकिन प्रशंसकों के लिए यह इशारा साफ है कि 'वन फैमिली' कहलाने वाली इस टीम के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है।