
बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत के मंत्री पद की शपथ लेने की चर्चा हो रही है। ऐसी संभावना है कि कल वो मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का अब तक का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प और अलग रहा है। उन्होंने लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी और खुद को सार्वजनिक मंचों से दूर ही रखा, लेकिन पार्टी और परिवार के भीतर उनकी भूमिका हमेशा अहम मानी जाती रही है। जेडीयू के कई नेता समय-समय पर उन्हें भविष्य के नेतृत्व के रूप में आगे लाने की वकालत करते रहे हैं। हाल के वर्षों में निशांत कुमार की पार्टी से जुड़ी बैठकों और आंतरिक चर्चाओं में मौजूदगी बढ़ी है, जिससे उनके सक्रिय राजनीति में आने के संकेत मिलते रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में यह भी माना जाता है कि वे संगठन और रणनीति को समझने की प्रक्रिया में धीरे-धीरे आगे बढ़े हैं और अब उन्हें सीधे सत्ता में जिम्मेदारी देने की तैयारी हो रही है। इसी बीच पार्टी के दिग्गज नेता ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी ने उनसे मुलाकात की है। पार्टी में नीतीश कुमार के बेटे निशांत को मंत्री बनाए जाने पर भी चर्चा हो रही है। कल निशांत के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।
27 मंत्री लेंगे शपथ
दरअसल, बिहार में कल एनडीए सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। पटना के गांधी मैदान में 7 मई को दोपहर 12:10 बजे नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम ही पटना पहुंच जाएंगे। गांधी मैदान में 27 मंत्री शपथ लेंगे। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केवल दो डिप्टी सीएम विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने शपथ ली थी। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी और जेडीयू के बीच मंत्री पद का बंटवारा बराबर-बराबर होगा। फिलहाल, 7 मई को बीजेपी से 12, जदयू से 11, एलजेपी (आर) से 2, हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। 6 मंत्रियों की सीटें अभी खाली रखी जाएंगी। बिहार में विधायकों की संख्या के हिसाब से मुख्यमंत्री समेत कुल 36 मंत्री बन सकते हैं।
संभावित चेहरे
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के संभावित चेहरों के अनुसार, जेडीयू कोटे से विजय चौधरी और विजेंद्र यादव के शपथ लेने के बाद पुराने मंत्रियों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और जमा खान की वापसी तय है, जबकि श्वेता गुप्ता, भगवान कुशवाहा, रत्नेश सदा, शीला मंडल और बुलो मंडल के रूप में 5 नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं।
बीजेपी की संभावित सूची
बीजेपी की ओर से विजय सिन्हा, मंगल पांडे, रामकृपाल यादव, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, रमा निषाद, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, अरुण शंकर प्रसाद, संजय सिंह टाइगर, सुरेंद्र मेहता और नारायण प्रसाद जैसे पुराने नामों के साथ-साथ संजीव चौरसिया, सुनील पिंटू और नीतीश मिश्रा को भी जगह मिल सकती है।
सहयोगी दलों के नाम
अन्य सहयोगी दलों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से संजय पासवान और संजय कुमार सिंह, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष सुमन एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश के मंत्री बनने की प्रबल संभावना है।
पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
बीजेपी की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को बताया कि राज्य में एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार गुरुवार को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार बिहार आ रहे हैं, इसलिए उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
सरावगी ने बताया कि इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत गठबंधन के अन्य नेता भी शामिल होंगे।
गांधी मैदान में तैयारियां तेज
इस बीच, प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजधानी पटना के गांधी मैदान में तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जहां शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे गांधी मैदान क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। गांधी मैदान में आम लोगों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
