दही भारतीय खाने का एक अहम हिस्सा माना जाता है। खासकर गर्मियों में लोग इसे रोजाना अपनी डाइट में 22शामिल करते हैं, क्योंकि यह शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पेट के लिए फायदेमंद माने जाते हैं, लेकिन हर चीज के साथ दही खाना सही नहीं होता। आयुर्वेद और कई हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार कुछ फूड कॉम्बिनेशन ऐसे होते हैं, जो दही के साथ मिलकर शरीर में पाचन संबंधी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। कई बार लोगस्वाद के चक्कर में ऐसे कॉम्बिनेशन खा लेते हैं, जिनका असर पेट, एसिडिटी और गैस जैसी दिक्कतों के रूप में सामने आता है।


दही के साथ खट्टे फल और भारी अनाज से करें परहेज

कई लोग दही में संतरा, मौसंबी या दूसरे खट्टे फल मिलाकर खाना पसंद करते हैं, लेकिन यह आदत पेट के लिए नुकसानदायक मानी जाती है। दही और खट्टे फलों का मेल पेट में एसिड बढ़ा सकता है, जिससे गैस, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा भारी अनाज के साथ दही खाना भी हर किसी के लिए सही नहीं माना जाता। कुछ मामलों में यह कॉम्बिनेशन पाचन प्रक्रिया को धीमा कर सकता है, जिससे शरीर सुस्ती और भारीपन महसूस करने लगता है। विशेषज्ञों के मुताबिक अगर दही खाने के बाद बार-बार पेट फूलने या भारीपन की समस्या होती है, तो ऐसे फूड कॉम्बिनेशन से दूरी बनानी चाहिए।


अचार, दूध और प्याज के साथ दही क्यों माना जाता है नुकसानदायक?

बहुत से लोग स्वाद बढ़ाने के लिए दही के साथ अचार खाना पसंद करते हैं, लेकिन यह आदत पेट के लिए भारी पड़ सकती है। अचार में अधिक नमक, तेल और मसाले होते हैं, जबकि दही की तासीर अलग मानी जाती है। दोनों को साथ खाने से पेट में जलन, गैस और अपच की परेशानी बढ़ सकती है। वहीं दूध और दही को भी एक साथ खाने से बचने की सलाह दी जाती है। दोनों डेयरी प्रोडक्ट जरूर हैं, लेकिन इनकी प्रकृति अलग मानी जाती है, जिससे पाचन तंत्र पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा दही और प्याज का कॉम्बिनेशन भी कुछ लोगों में एलर्जी, एसिडिटी और पेट संबंधी दिक्कतें बढ़ा सकता है


दही और अंडे का मेल भी हर किसी के लिए सही नहीं

कुछ लोग हाई प्रोटीन डाइट के नाम पर दही और अंडे को एक साथ खाना पसंद करते हैं, लेकिन यह कॉम्बिनेशन हर व्यक्ति के शरीर के लिए सही नहीं माना जाता। कई लोगों को इसे खाने के बाद पेट भारी लगना, बेचैनी या डाइजेशन से जुड़ी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि हर इंसान का शरीर अलग तरह से प्रतिक्रिया देता है। इसलिए अगर किसी फूड कॉम्बिनेशन के बाद बार-बार परेशानी महसूस हो रही हो, तो उसे अपनी डाइट से हटाना बेहतर माना जाता है। सही खानपान सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि शरीर की जरूरत और संतुलन को समझने पर भी निर्भर करता है।