नवीदुल हसन

ट्रंप ने कहा “शानदार कदम”, वेनेजुएला की नेता ने दिया नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना माचाडो ने अपना नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल भेंट किया। इस पर ट्रंप ने इसे एक “शानदार और सम्मान से भरा कदम” बताया।

व्हाइट हाउस में हुई इस मुलाकात के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर माचाडो की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत संघर्ष झेला है और उनका यह कदम आपसी सम्मान का प्रतीक है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह मेडल मिलना उनके लिए गर्व की बात है।

हालांकि, नोबेल संस्थान ने साफ किया है कि नोबेल पुरस्कार किसी और को दिया नहीं जा सकता। यानी माचाडो कानूनी रूप से अपना पुरस्कार ट्रंप को नहीं दे सकतीं। इसके बावजूद व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रंप इस मेडल को अपने पास रखने का इरादा रखते हैं। माना जा रहा है कि यह कदम प्रतीकात्मक है, न कि औपचारिक।

मारिया माचाडो ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने यह मेडल अमेरिका के राष्ट्रपति को वेनेजुएला की आज़ादी और लोकतंत्र के लिए उनके प्रयासों के सम्मान में दिया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप का समर्थन उनके देश के लिए अहम है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप ने वेनेजुएला में लोकतंत्र को लेकर अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा था कि माचाडो को देश के अंदर पर्याप्त समर्थन नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही ट्रंप ने वेनेजुएला की मौजूदा सत्ता से जुड़े नेताओं के साथ काम करने के संकेत भी दिए हैं।

मुलाकात के बाद माचाडो व्हाइट हाउस के बाहर अपने समर्थकों से मिलीं। वहां मौजूद लोग उनका स्वागत कर रहे थे और कुछ लोगों ने “थैंक यू ट्रंप” के नारे भी लगाए। माचाडो ने समर्थकों से कहा कि वे राष्ट्रपति ट्रंप पर भरोसा कर सकती हैं, हालांकि उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी।

गौरतलब है कि माचाडो हाल के महीनों में सार्वजनिक रूप से कम दिखाई दी थीं। वह पिछले कई महीनों तक वेनेजुएला में छिपकर रह रही थीं और हाल ही में नॉर्वे गई थीं, जहां उनकी बेटी ने उनकी ओर से नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त किया था।