उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। Uttar Pradesh समेत कई राज्यों में तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। मौसम विभाग ने वाराणसी, प्रयागराज और कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। दोपहर की धूप लोगों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं लग रही। लेकिन भारत में एक चीज ऐसी है जो हर मुश्किल में लोगों का साथ नहीं छोड़ती… और वो है “देसी जुगाड़”। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग कह रहे हैं कि भारतीयों के सामने हीटवेव भी हार मान जाए।


स्कूटर बना चलता-फिरता ‘देसी AC’

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक शख्स ने अपने स्कूटर को ही मिनी एयर कंडीशनर में बदल दिया। स्कूटर पर ऐसा सेटअप लगाया गया, जिससे चलते समय ठंडी हवा के साथ हल्की पानी की फुहार भी निकलती दिखाई देती है। तेज धूप और गर्म हवा के बीच यह जुगाड़ लोगों को काफी राहत देता नजर आया। इंटरनेट पर लोग इस इनोवेशन की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने मजाक में लिखा कि “जब AC महंगा लगे, तो भारतीय दिमाग काम आता है।”


ई-रिक्शा बना चलता-फिरता कूलर

एक और वायरल वीडियो में एक ई-रिक्शा चालक ने गर्मी से बचने के लिए अपना रिक्शा ही “चलता-फिरता कूलर” बना दिया। रिक्शे के चारों तरफ खस लगाया गया, जिस पर लगातार पानी डाला जा रहा था। इससे अंदर बैठने वालों को ठंडी हवा महसूस हो रही थी। लोगों को यह देसी तरीका इतना पसंद आया कि सोशल मीडिया पर इसे “गर्मी का सबसे शानदार इनोवेशन” कहा जाने लगा। कम खर्च में राहत पाने का यह तरीका लोगों को खूब प्रभावित कर रहा है।


मटकों के नीचे आराम और खेत में बना ‘नेचुरल कूलिंग सिस्टम’

Lalitpur से सामने आई एक तस्वीर ने भी इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लिया। भीषण गर्मी से परेशान एक युवक मिट्टी के मटकों के नीचे बने अस्थायी इंतजाम के अंदर आराम करता दिखाई दिया, जहां पानी की नमी और ठंडी हवा उसे राहत दे रही थी। वहीं एक और वीडियो में खेत की सिंचाई के लिए चल रहे पंप के नीचे खटिया डालकर आराम करते लोग नजर आए। इन वायरल वीडियोज को देखकर साफ है कि भारतीय चाहे कितनी भी मुश्किल में हों, उनका देसी दिमाग हर बार कोई नया रास्ता निकाल ही लेता है।

भारत में innovation के लिए हमेशा बड़ी लैब की जरूरत नहीं पड़ती…

कई बार एक स्कूटर, थोड़ा पानी और बहुत ज्यादा गर्मी ही काफी होती है।