उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर एक नई पार्टी की चर्चा तेज हो गई है, जिसका नाम है कॉकरोच जनता पार्टी (सी जे पी)”. यह पार्टी फिलहाल सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है, लेकिन अब इसकी गूंज यूपी की राजनीति में भी सुनाई देने लगी है।

बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में “बीजेपी /सी जेपी” लिखकर सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी। इसी बीच मऊ सदर सीट से विधायक अब्बास अंसारी ने भी इस मुद्दे पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी।

दरअसल, मऊ दौरे पर पहुंचे अब्बास अंसारी से पत्रकारों ने सवाल किया कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव किस पार्टी से लड़ेंगे। इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा, “एक कॉकरोच पार्टी काफी इस समय चर्चा में है, क्यों ना उसे ज्वाइन कर लूं और उसी से चुनाव लड़ूं. कोई मुझे ले चले, यहां कार्यालय खुला हो तो ज्वाइन करा दें.”

इस दौरान अब्बास अंसारी ने समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष दूधनाथ यादव की तरफ इशारा करते हुए कहा कि “हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी ज्वाइन करने के लिए कह रहे थे.” उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है।

कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर की गई इस मजाकिया टिप्पणी के बीच अब्बास अंसारी ने इशारों में यह संकेत भी दे दिया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ लड़ने के लिए तैयार हैं। हालांकि, अब तक उनके सपा में शामिल होने को लेकर पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।