नवीदुल हसन

ईरान में हालात बिगड़े, भारत सरकार भारतीयों को निकालने की तैयारी में

तेहरान से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट कल रवाना होगी

ईरान में लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत सरकार ने वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने की तैयारी शुरू कर दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, जो भारतीय स्वदेश लौटना चाहते हैं, उनकी मदद की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि पहली विशेष उड़ान कल तेहरान से दिल्ली के लिए रवाना होगी।

इससे पहले ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से अपील की थी कि वे दूतावास में अपना पंजीकरण कराएं। हालांकि, इंटरनेट बंद होने की वजह से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया धीमी रही। ऐसे में ईरान में रह रहे भारतीयों के परिजन भारत से ही विदेश मंत्रालय की वेबसाइट के जरिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

भारतीय दूतावास ने एक नई एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक—चाहे वे छात्र हों, तीर्थयात्री हों, कारोबारी हों या पर्यटक—उपलब्ध किसी भी साधन से देश छोड़ दें, जिसमें कमर्शियल फ्लाइट्स भी शामिल हैं।

दूतावास ने आपात स्थिति के लिए चार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक तुरंत संपर्क कर सकें।

ईरान का हवाई क्षेत्र दोबारा नागरिक उड़ानों के लिए खोल दिया गया है। इसके बाद पहली निकासी उड़ान तेहरान से दिल्ली के लिए तय की गई है। अधिकारियों के अनुसार, सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और उनके पासपोर्ट व अन्य जानकारियां इकट्ठा कर ली गई हैं। पहले बैच के छात्रों को सुबह 8 बजे तक तैयार रहने को कहा गया है। इसमें गोलिस्तान यूनिवर्सिटी और कुछ अन्य मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्र शामिल हो सकते हैं।

पिछले दो हफ्तों से ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ये प्रदर्शन पहले आर्थिक संकट और मुद्रा की गिरावट को लेकर शुरू हुए थे, लेकिन अब सरकार और सख्त नीतियों के खिलाफ आंदोलन में बदल गए हैं।

भारत सरकार के इस कदम से खासतौर पर जम्मू-कश्मीर में रहने वाले उन परिवारों को राहत मिली है, जिनके बच्चे ईरान में पढ़ाई कर रहे हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी।