लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव ने कहा कि प्रियंका गांधी ही गठबंधन को चला सकती हैं। वह इंदिरा गांधी की तरह हैं। राहुल गांधी से यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि यात्रा निकालने या बुलेट पर बैठ जाने से राजनीति नहीं चलती। इस तरह तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस के हाईकमान कहे जाने वाले राहुल गांधी पर सीधा सवाल उठाया।

बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी के बस की बात नहीं है कि वे INDIA गठबंधन को चला सकें। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी में नेतृत्व की क्षमता है और वे गठबंधन को बेहतर तरीके से संभाल सकती हैं।

तेज प्रताप यादव ने कहा, “प्रियंका गांधी ही चला सकती हैं। वह इंदिरा गांधी जी की तरह हैं। राहुल गांधी से नहीं हो पाएगा। यात्रा निकालने या बुलेट पर बैठ जाने से राजनीति नहीं चलती।”

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने को लेकर राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप ने कहा कि राहुल गांधी इन्हीं बातों में उलझे रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले उनका शौक बुलेट चलाने का था, अब उन्हें कुर्सी का लालच हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को कुकिंग और मीट बनाने का शौक है, तो उन्हें वही करना चाहिए।

तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़ा, तो दूसरे नेता आकर सीएम बन गए। राहुल गांधी किसी दूसरे राज्य में हैं, फिर उन्हें बिहार को लेकर इतनी दिलचस्पी क्यों है? क्या उन्हें यहां मुख्यमंत्री बनना है?

बिहार विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव से अलग राह अपनाई थी। उन्होंने अपनी पार्टी से चुनाव लड़ा और उम्मीदवार भी उतारे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

चुनाव के दौरान तेज प्रताप यादव ने सीधे तौर पर तेजस्वी यादव पर हमला नहीं किया, लेकिन उनके करीबी नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उनकी बहन रोहिणी आचार्य भी सोशल मीडिया पर अक्सर तेज प्रताप का समर्थन करती नजर आती हैं। आरजेडी में इस अंदरूनी मतभेद को भी हार की एक बड़ी वजह माना गया।