बंगाल के कोलकाता स्थित साउथ 24 परगना जिला परिषद कार्यालय में भीषण आग लगने से 4,000 से अधिक ईवीएम (EVM), बैलेट यूनिट और वीवीपैट (VVPAT) मशीनें जलकर नष्ट हो गईं। यह आग अलीपुर इलाके की एक सरकारी इमारत में लगी थी।

राज्य के मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि आग में बड़ी संख्या में मतदान मशीनें खराब हो गई हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और तोड़फोड़ की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकताl


आग को लेकर उठे सवाल

मंत्री के अनुसार आग पहले इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर दिखाई दी थी, लेकिन बाद में यह ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आग कुछ मंजिलों को प्रभावित किए बिना ऊपर कैसे पहुंच गई। इसी वजह से मामले की गहराई से जांच की जा रही है।


जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना के बाद प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटे हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से।


इमारत को किया गया सील

सुरक्षा के मद्देनजर इमारत को सील कर दिया गया है और लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन कुछ जगहों पर अभी भी कूलिंग का काम जारी है।


राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू

घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कुछ नेताओं ने आग के पीछे साजिश की आशंका जताई है, जबकि प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।