Tहरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के डेरोली अहीर गांव के रहने वाले संतलाल इन दिनों अपने अनोखे दावों के कारण चर्चा में हैं। उनका कहना है कि उन्हें भीषण गर्मी में सर्दी और कड़ाके की ठंड में गर्मी महसूस होती है यही वजह है कि जहां 43 डिग्री सेल्सियस तापमान में लोग गर्मी से परेशान हैं वहीं संतलाल दो मोटे कंबल ओढ़े नजर आते हैं।


43 डिग्री की गर्मी में भी ओढ़ते हैं दो कंबल

संतलाल का दावा है कि गर्मियों में उन्हें इतनी ठंड महसूस होती है कि वे दो कंबल ओढ़ते हैं। इतना ही नहीं ठंड लगने पर वे अलाव जलाकर उसके सामने बैठते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज गर्मी के बावजूद उनके शरीर पर पसीना भी बहुत कम दिखाई देता है।


सर्दियों में बर्फ पर लेटने का दावा

संतलाल का कहना है कि सर्दियों में उन्हें गर्मी महसूस होती है। उनके अनुसार वे कड़ाके की ठंड में बर्फ की सिल्ली पर लेट सकते हैं, सुबह तड़के तालाब में स्नान करते हैं और कई बार लंबे समय तक पानी में भी रहते हैं। उनका दावा है कि यह स्थिति बचपन से ही है।


वीडियो देखने के लिए नीचे किलिक करें

Y


ग्रामीणों ने भी किया समर्थन

गांव के लोगों का कहना है कि संतलाल का व्यवहार कोई दिखावा नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार वे बचपन से ही इसी तरह का जीवन जी रहे हैं। इसी वजह से गांव में कई लोग उन्हें मजाक में "मौसम विभाग" कहकर बुलाते हैं।


चिकित्सकों ने भी की जांच

संतलाल के मुताबिक, उनकी जांच के लिए डॉक्टरों की टीम भी पहुंच चुकी है लेकिन अब तक उनकी इस शारीरिक स्थिति का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका। उनका कहना है कि उन्हें आज तक कोई गंभीर बीमारी भी नहीं हुई।



प्रशासन कर चुका है सम्मानित

संतलाल का दावा है कि उनके अनोखे शारीरिक अनुभव को देखते हुए जिला प्रशासन उन्हें कई बार सम्मानित भी कर चुका है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद लोग उनकी स्थिति को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि उनके दावों की स्वतंत्र वैज्ञानिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।