पढ़ाई को रोचक और आसान बनाने के लिए शिक्षक अक्सर नए-नए तरीके अपनाते हैं, लेकिन हाल ही में IIM अहमदाबाद के एक प्रोफेसर ने ऐसा उदाहरण पेश किया जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। वायरल हो रहे एक वीडियो में प्रोफेसर Statistics जैसे कठिन विषय को समझाने के लिए बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। उनका यह अनोखा पढ़ाने का तरीका छात्रों के साथ-साथ इंटरनेट यूजर्स को भी काफी पसंद आ रहा है।
फिल्मी सीन से समझाया मुश्किल कॉन्सेप्ट
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि क्लास के दौरान प्रोफेसर छात्रों को ‘धुरंधर’ फिल्म का एक सीन दिखाते हैं। इस सीन के जरिए वह Statistics के महत्वपूर्ण टॉपिक्स को आसान भाषा में समझाने की कोशिश करते हैं। आमतौर पर सांख्यिकी को छात्रों के लिए चुनौतीपूर्ण विषय माना जाता है, लेकिन प्रोफेसर ने फिल्मी उदाहरणों के जरिए इसे दिलचस्प बना दिया।
उन्होंने फिल्म के एक संवाद को Cluster Sampling से जोड़ते हुए समझाया कि किस तरह किसी छोटे समूह या क्षेत्र का अध्ययन करके बड़े समूह के बारे में निष्कर्ष निकाले जा सकते हैं। प्रोफेसर का यह तरीका छात्रों को विषय को व्यावहारिक रूप से समझने में मदद करता नजर आया।
गैंग्स के उदाहरण से समझाया Stratification
प्रोफेसर ने फिल्म में दिखाए गए अलग-अलग गैंग्स का उदाहरण देते हुए Stratification यानी स्तरीकरण की अवधारणा भी समझाई। उन्होंने बताया कि जब किसी बड़ी आबादी को अलग-अलग वर्गों में बांटकर अध्ययन किया जाता है तो परिणाम अधिक सटीक और प्रभावी हो सकते हैं। पढ़ाई और मनोरंजन का यह मिश्रण छात्रों को काफी पसंद आया और क्लास का माहौल भी हल्का बना रहा।
वीडियो देखने के लिए नीचे किलिक करे।
सोशल मीडिया पर छाया VIDEO
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो गया। हजारों लोग इसे पसंद और शेयर कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने प्रोफेसर की इस टीचिंग स्टाइल की जमकर तारीफ की है। लोगों का कहना है कि अगर कठिन विषयों को इसी तरह व्यावहारिक और रोचक उदाहरणों के जरिए पढ़ाया जाए तो छात्रों के लिए सीखना कहीं ज्यादा आसान हो सकता है।
लोगों को पसंद आया पढ़ाने का तरीका
वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि काश उनके समय में भी ऐसे प्रोफेसर होते। वहीं कुछ लोगों ने इसे आधुनिक शिक्षा का बेहतरीन उदाहरण बताया। आज के दौर में विजुअल और प्रैक्टिकल लर्निंग को अधिक प्रभावी माना जाता है और यही वजह है कि IIM अहमदाबाद के इस प्रोफेसर का अनोखा अंदाज इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

