तेज प्रताप यादव ने ऐश्वर्या राय से तलाक और घरेलू हिंसा के आरोपों पर अपनी बात रखी। | Source: Chrome

तेज प्रताप यादव ने ऐश्वर्या राय से तलाक और घरेलू हिंसा के आरोपों पर अपनी बात रखी।Source : Chrome

आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव इन दिनों भोजपुरी शो ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान उन्होंने पहली शादी और तलाक को लेकर खुलकर बात की। तेज प्रताप ने दावा किया कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे थे। उन्होंने घरेलू हिंसा से जुड़े आरोपों पर भी अपनी सफाई दी और कहा कि मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।

तीन महीने बाद ही तलाक के लिए दी अर्जी

शुभांकर मिश्रा के साथ बातचीत में तेज प्रताप यादव ने अपनी शादी का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों करीब तीन महीने तक साथ रहे। इसके बाद उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी थी।तेज प्रताप के मुताबिक, शादी के बाद उन्हें कई ऐसी बातें पता चलीं, जिनसे रिश्ते में तनाव बढ़ता गया। उन्होंने दावा किया कि उनकी पत्नी उन्हें पूजा-पाठ करने और मंदिर जाने से रोकती थीं। तेज प्रताप ने कहा कि अगर उन्हें पहले से इन बातों की जानकारी होती तो शायद वह इस रिश्ते में नहीं आते।

घरेलू हिंसा के आरोपों पर क्या बोले तेज प्रताप?

तेज प्रताप यादव पर उनकी पत्नी की ओर से घरेलू हिंसा के आरोप भी लगाए गए थे। इन आरोपों पर उन्होंने कहा कि किसी पर भी आरोप लगाया जा सकता है, लेकिन उसके लिए सबूत जरूरी हैं।उन्होंने दावा किया कि इस मामले से जुड़े कुछ लोगों ने घटनाओं को देखा है और उनके पास भी वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। तेज प्रताप ने कहा कि उनके घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे और उनसे जुड़ी रिकॉर्डिंग अदालत में पेश की गई है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामला अभी कोर्ट में चल रहा है, इसलिए इस पर अंतिम फैसला अदालत को ही करना है।

दोबारा शादी करेंगे तेज प्रताप?

जब तेज प्रताप से पूछा गया कि मौजूदा कानूनी मामला खत्म होने के बाद क्या वह दोबारा शादी के बारे में सोचेंगे, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में बाद में सोचा जाएगा।फिलहाल उनका ध्यान जनता की सेवा पर है। उन्होंने कहा कि अकेले रहने से उन्हें कोई परेशानी नहीं है और वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं।

रिश्ते को लेकर बोले- अब पीछे मुड़कर नहीं देखते

अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि जो रिश्ता जितने समय के लिए लिखा था, उतने समय तक रहा। उन्होंने कहा कि अब वह आगे बढ़ चुके हैं और बीती बातों को लेकर पीछे मुड़कर नहीं देखते।

भोजपुरी इंडस्ट्री पर भी बोले तेज प्रताप

शो के दौरान तेज प्रताप ने भोजपुरी इंडस्ट्री को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री के लोगों को एक मंच पर आने की जरूरत है।उन्होंने भोजपुरी फिल्मों और गानों में बढ़ती अश्लीलता पर भी सवाल उठाए और उम्मीद जताई कि इंडस्ट्री के कलाकार साथ मिलकर माहौल को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे।बता दें कि ‘भोजपुरी बवाल’ के दौरान तेज प्रताप ने भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकारों के लिए डिनर भी आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में पवन सिंह, काजल राघवानी, दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे समेत कई कलाकार नजर आए थे।कार्यक्रम के दौरान कलाकारों के बीच विवाद भी देखने को मिला था।