पटना। श्रावणी मेला 2026 को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए बिहार पर्यटन विभाग ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स के लिए खास वीडियो प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले क्रिएटर्स को श्रावणी मेले और कांवरिया पथ से जुड़ा वीडियो या रील बनाना होगा। सबसे अच्छा वीडियो बनाने वाले विजेता को 3 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
बिहार पर्यटन विभाग ने इस प्रतियोगिता का नाम ‘Shravani Mela 2026: Through the Lens of an Influencer’ रखा है। विभाग का मकसद सोशल मीडिया की मदद से श्रावणी मेले की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है।
श्रावणी मेला इस साल 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित हो रहा है। मेले के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु बिहार पहुंचते हैं। खास तौर पर सुल्तानगंज से शुरू होने वाली कांवर यात्रा को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। प्रतियोगिता में बनाए जाने वाले वीडियो का संबंध मेला क्षेत्र और खासकर मुंगेर, बांका और भागलपुर में पड़ने वाले कांवरिया पथ से होना चाहिए।
कौन ले सकता है हिस्सा?
इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं। प्रतिभागी का भारतीय नागरिक होना जरूरी है और उसकी उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए।
सबसे खास शर्त सोशल मीडिया फॉलोअर्स को लेकर है। क्रिएटर के Facebook, Instagram, X और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर कुल मिलाकर कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होने चाहिए। आवेदन करते समय फॉलोअर्स की संख्या का प्रमाण भी देना होगा।
कैसी होनी चाहिए वीडियो?
प्रतियोगिता में शामिल होने वाली वीडियो की लंबाई कम से कम 30 सेकंड और अधिकतम 2 मिनट होनी चाहिए। वीडियो HD क्वालिटी में होना चाहिए और उसे जियोटैग भी किया जाना जरूरी है।
वीडियो में श्रावणी मेले की धार्मिक परंपरा, कांवरियों की यात्रा, स्थानीय संस्कृति और मेले से जुड़े पर्यटन स्थलों को दिखाया जा सकता है। विभाग ने साफ किया है कि वीडियो में गलत जानकारी, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री नहीं होनी चाहिए।
जीतने के लिए सिर्फ फॉलोअर्स काफी नहीं
इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले क्रिएटर को सीधे विजेता नहीं बनाया जाएगा। वीडियो की reach, likes और shares को भी देखा जाएगा। इन तीनों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
कितनी मिलेगी इनामी राशि?
प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार 3 लाख रुपये रखा गया है। दूसरे स्थान पर आने वाले क्रिएटर को 2 लाख रुपये और तीसरे स्थान वाले को 1 लाख रुपये मिलेंगे। दो प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये और पांच प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
प्रतिभागियों को अपनी एंट्री बिहार पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर दिए गए Google Form के जरिए भेजनी होगी। वीडियो के साथ नाम, पता, जन्मतिथि, संपर्क जानकारी और पहचान पत्र जैसी जानकारी भी देनी होगी।
यानी अगर आप सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं और आपके पास 25 हजार या उससे ज्यादा फॉलोअर्स हैं, तो यह प्रतियोगिता आपके लिए कमाई के साथ-साथ बिहार की संस्कृति और श्रावणी मेले को दुनिया तक पहुंचाने का मौका भी है।
