बॉलीवुड की उभरती हुई स्टार शरवरी वाघ 14 जून को अपना 29वां जन्मदिन मना रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में अपनी दमदार अदाकारी और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है। आने वाले समय में शरवरी कई बड़े बजट और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में नजर आने वाली हैं। ऐसे में उनके जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं उनकी मौजूदा और अपकमिंग फिल्मों के बारे में, जिनसे वह बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करने की तैयारी कर रही हैं।
बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री शरवरी वाघ इन दिनों फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके साथ दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और वेदांग रैना जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘मैं वापस आऊंगा’ से मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं। हालांकि शुरुआती दिन में फिल्म को दर्शकों से उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 1.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
शरवरी वाघ के पास आने वाले समय में कई बड़ी फिल्में हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा अल्फा की हो रही है। इस फिल्म में वह आलिया भट्ट, अनिल कपूर और बॉबी देओल जैसे बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।
अल्फा का निर्देशन शिव रावल कर रहे हैं, जिन्हें नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज द रेलवे मेन के लिए जाना जाता है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का हाल ही में टीजर रिलीज किया गया था। यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
अल्फा के अलावा शरवरी के खाते में फैमिली ड्रामा फिल्म ये प्रेम मोल लिया भी शामिल है। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या कर रहे हैं। फिल्म को राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
फिल्म ये प्रेम मोल लिया में शरवरी वाघ के साथ आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। दोनों कलाकार पहली बार किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और यह 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
शरवरी वाघ की अपकमिंग फिल्मों की सूची में निर्देशक अली अब्बास जफर की अगली फिल्म भी शामिल है। यह एक बड़े बजट की एक्शन-रोमांस ड्रामा फिल्म बताई जा रही है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अभी तक शीर्षक तय न की गई इस फिल्म में शरवरी वाघ की जोड़ी अहान पांडे के साथ देखने को मिलेगी। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म की शूटिंग इन दिनों यूनाइटेड किंगडम (यूके) में चल रही है।








